भोपालः शासकीय विद्यालय के किचन में रखे सिलेंडर में लगी आग

भोपालः शासकीय विद्यालय के किचन में रखे सिलेंडर में लगी आग
पुलिस की सूझबूझ से बची 500 बच्चों की जान
भोपाल, यशभारत। राजधानी के थाना परवरिया पुलिस की तत्परता और बहादुरी के कारण आज शासकीय विद्यालय परवलिया में एक बड़ा हादसा टल गया। स्कूल के किचन में खाना बनाते समय अचानक गैस सिलेंडर में आग लग गई, जिससे वहां मौजूद लगभग 500 बच्चों की जान खतरे में पड़ गई थी।
जानकारी के अनुसार, दोपहर के भोजन के लिए खाना बनाते समय स्कूल के किचन में यह घटना हुई। आग की सूचना मिलते ही थाना परवरिया पुलिस तत्काल मौके पर पहुँची। पुलिसकर्मियों ने समय गंवाए बिना किचन के अंदर प्रवेश किया और अपनी जान की परवाह न करते हुए मोर्चा संभाला। पुलिस ने सबसे पहले उपलब्ध फायर सेफ्टी उपकरणों और पानी की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया।आग बुझाने के साथ-साथ, पुलिसकर्मियों ने दोनों गैस सिलेंडरों को तेजी से बाहर की ओर फेंक दिया, जिससे सिलेंडर फटने और एक बड़ी दुर्घटना होने का खतरा टल गया। इस दौरान, स्कूल में लगभग 500 बच्चे मौजूद थे, जिन्हें पुलिस की त्वरित कार्रवाई और ग्राम वासियों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।







