भोपाल में बेजुबानों के साथ हैवानियत, जहर देकर 4 कुत्तों को मारा

भोपाल में बेजुबानों के साथ हैवानियत, जहर देकर 4 कुत्तों को मारा
भोपाल, यशभारत। राजधानी के शाहपुरा इलाके में इंसानियत को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है। यहाँ लक्ष्मी कैंपस में अज्ञात असामाजिक तत्वों ने पाँच कुत्तों को खाने में जहर दे दिया। इस क्रूरता में एक छोटे पपी (पिल्ले) सहित चार कुत्तों की तड़प-तड़प कर मौत हो गई, जबकि एक अन्य डॉग अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहा है। घटना के बाद से शहर के पशु प्रेमियों और स्थानीय निवासियों में गहरा आक्रोश है।
शिकायतकर्ता और एनिमल राइट्स एक्टिविस्ट बिंदु रामकांत पांडे के अनुसार, कैंपस के इन कुत्तों की देखभाल स्थानीय लोग मिलकर करते थे। बीते 25 जनवरी को जब चार कुत्ते अचानक गायब हुए, तो संदेह होने पर उनकी तलाश शुरू की गई। खोजबीन के दौरान दो कुत्ते झाड़ियों में मरणासन्न स्थिति में मिले। उन्हें तत्काल निजी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद पुष्टि की कि उन्हें घातक जहर दिया गया है। इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई, जिसके बाद दो अन्य कुत्तों के शव भी बरामद हुए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए शाहपुरा थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। स्थानीय निवासियों ने पुलिस से मांग की है कि कैंपस में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की बारीकी से जांच की जाए ताकि दोषियों की पहचान हो सके। लोगों का संदेह है कि यह कृत्य किसी ऐसे व्यक्ति का है जो कैंपस में कुत्तों की मौजूदगी से परेशान था।
पुलिस के मुताबिक, शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है ताकि जहर के प्रकार का सटीक पता चल सके। दोषियों के खिलाफ पशु क्रूरता निवारण अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।






