शिक्षक भर्ती में पद बढ़ाने की मांग, अभ्यर्थियों ने रोका मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव का काफिला नीलम पार्क के बाहर सौंपा ज्ञापन, 15 दिन से धरना और भूख हड़ताल जारी

शिक्षक भर्ती में पद बढ़ाने की मांग, अभ्यर्थियों ने रोका मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव का काफिला
नीलम पार्क के बाहर सौंपा ज्ञापन, 15 दिन से धरना और भूख हड़ताल जारी
भोपाल, यश भारत। वर्ग 2 और वर्ग 3 शिक्षक भर्ती में पदों की संख्या बढ़ाने की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों ने शुक्रवार को नीलम पार्क के बाहर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के काफिले को रोककर ज्ञापन सौंपा। अभ्यर्थियों ने भर्ती में रिक्त पदों की संख्या बढ़ाने और अधिक से अधिक योग्य उम्मीदवारों को नियुक्ति का अवसर देने की मांग की। अभ्यर्थियों का आंदोलन पिछले 15 दिनों से नीलम पार्क में जारी है। इस दौरान वे धरना देने के साथ भूख हड़ताल भी कर रहे हैं। उनका कहना है कि शिक्षक भर्ती में पद सीमित होने के कारण बड़ी संख्या में पात्र अभ्यर्थी चयन से बाहर हो रहे हैं। सरकार को उपलब्ध रिक्तियों के आधार पर भर्ती के पद बढ़ाने चाहिए।
शुक्रवार को मुख्यमंत्री का काफिला नीलम पार्क के पास से गुजरने के दौरान अभ्यर्थियों ने अपनी मांगों को लेकर काफिला रोककर ज्ञापन सौंपा। उन्होंने मुख्यमंत्री से भर्ती प्रक्रिया में पद वृद्धि कर आंदोलन समाप्त कराने की मांग की। अभ्यर्थियों का कहना है कि वे लंबे समय से भर्ती में पद बढ़ाने की मांग उठा रहे हैं लेकिन अब तक ठोस निर्णय नहीं हुआ है। पद वृद्धि की मांग पूरी नहीं होने तक आंदोलन जारी रखने की बात कही गई है।







