एमपी में पुलिस भर्ती का मौका, 507 पदों पर होगी नियुक्ति – सब-इंस्पेक्टर और सूबेदार के लिए 9 सितंबर से आवेदन, 28 अक्टूबर को परीक्षा

एमपी में पुलिस भर्ती का मौका, 507 पदों पर होगी नियुक्ति
– सब-इंस्पेक्टर और सूबेदार के लिए 9 सितंबर से आवेदन, 28 अक्टूबर को परीक्षा
भोपाल, यशभारत। मध्यप्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए पुलिस विभाग में भर्ती का बड़ा अवसर सामने आया है। मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल ने पुलिस सब-इंस्पेक्टर और सूबेदार के 507 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया का कार्यक्रम जारी किया है। जारी विज्ञापन के मुताबिक ऑनलाइन आवेदन 9 सितंबर से शुरू होकर 23 सितंबर 2026 तक भरे जा सकेंगे। आवेदन में किसी तरह का संशोधन कराने के लिए अभ्यर्थियों को 28 सितंबर तक का समय दिया गया है।
28 अक्टूबर को होगी परीक्षा – सब-इंस्पेक्टर और सूबेदार पदों के लिए चयन परीक्षा 28 अक्टूबर 2026 को आयोजित की जाएगी। परीक्षा दो पालियों में होगी। भर्ती प्रक्रिया से जुड़ी पात्रता, परीक्षा पैटर्न, शुल्क और अन्य आवश्यक जानकारी अभ्यर्थियों को आधिकारिक विज्ञापन में देखना होगी। पुलिस विभाग की इस भर्ती को लेकर लंबे समय से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं में उत्साह है। इच्छुक अभ्यर्थी आवेदन की अंतिम तारीख का इंतजार न करते हुए निर्धारित अवधि में ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।







