भोपालमध्य प्रदेश

वासना की आग में अंधा हुआ कातिल: अप्राकृतिक कृत्य का विरोध करने पर युवक को उतारा मौत के घाट

वासना की आग में अंधा हुआ कातिल: अप्राकृतिक कृत्य का विरोध करने पर युवक को उतारा मौत के घाट

झागरिया हाईवे के पास मिले अज्ञात शव मामले में कटारा हिल्स पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी, गायब मोबाइल की लोकेशन से पकड़ाया हत्यारा

भोपाल,यशभारत। राजधानी की कटारा हिल्स थाना पुलिस ने करीब एक महीने पुराने अंधे कत्ल की गुत्थी को सुलझाते हुए एक सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण और सूझबूझ की मदद से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जिसने समलैंगिक संबंध बनाने का विरोध करने पर एक व्यक्ति की पत्थर से सिर कुचलकर हत्या कर दी थी।

मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने बताया कि बीती 29 मई को इकोलॉजिकल पार्क झागरिया हाईवे पर एक अज्ञात व्यक्ति का लगभग पांच दिन पुराना शव बरामद हुआ था। जांच के बाद मृतक की शिनाख्त राजेश राय पिता बलिराम राय, निवासी सतलापुर मंडीदीप के रूप में की गई। इस अंधी हत्या की गुत्थी को सुलझाने के लिए पुलिस कमिश्नर संजय कुमार और एडिशनल कमिश्नर शैलेंद्र सिंह चौहान के निर्देश पर कटारा हिल्स थाना प्रभारी सुनील दुबे के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई थी।

विवेचना के दौरान पुलिस को घटनास्थल से मृतक का मोबाइल गायब मिला। पुलिस टीम ने जब गायब मोबाइल के आईएमईआई नंबर को सर्विलांस पर रखकर तकनीकी जांच शुरू की, तो पता चला कि उस मोबाइल में एक अन्य नंबर एक्टिव है। पुलिस ने जब संबंधित मोबाइल धारक को हिरासत में लेकर पूछताछ की, तो उसने बताया कि यह मोबाइल उसे अजय मियाना पिता अमर सिंह मियाना ने बेचा है। इसके बाद जब पुलिस ने अजय और उसके साथी दीपक को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ की, तो दोनों एक-दूसरे पर मोबाइल रखने का आरोप लगाने लगे।

तकनीकी टीम ने जब घटना के दिन की टावर लोकेशन निकाली, तो आरोपी अजय सिंह मेवाड़ा की उपस्थिति घटनास्थल पर पाई गई। पुलिस द्वारा सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी अजय सिंह मेवाड़ा ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। आरोपी ने कुबूल किया कि वह समलैंगिक संबंधों का आदी था। घटना के दिन वह इसी तलब में घूम रहा था, तभी उसे हाईवे की पुलिया के पास मृतक राजेश राय मिला, जो वहां बैठकर शराब और खाना खा रहा था। मृतक ने आरोपी को बताया कि वह रास्ता भटक गया है। इसके बाद आरोपी ने उसके साथ बैठकर रोटी खाई और जबरन उसके साथ अप्राकृतिक कृत्य करने का प्रयास किया। जब राजेश राय ने इसका कड़ा विरोध किया, तो आरोपी ने गुस्से में आकर उसके बाल पकड़े और सिर को पास ही पड़े एक भारी पत्थर पर दे मारा। सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण राजेश की मौके पर ही मौत हो गई और आरोपी उसका मोबाइल लेकर फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी अजय सिंह मेवाड़ा के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button