जबलपुरदेशमध्य प्रदेशराज्य

नर्सिंग मान्यता घोटाले में HC सख्त , नर्सिंग काउंसिल के रजिस्ट्रार को कोर्ट नें किया तलब

अनफिट कॉलेजों से शिफ्ट छात्रों से नहीं वसूली जाएगी अतिरिक्त ट्यूशन फीस, अगली सुनवाई में पेश करना होगा नया शिफ्टिंग मॉड्यूल

जबलपुर, यश भारत। मध्य प्रदेश में नर्सिंग कॉलेजों की मान्यता में गड़बड़ी के मामले में मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने छात्रों के हित में महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं। न्यायमूर्ति आनंद पाठक एवं न्यायमूर्ति बीपी शर्मा की युगल पीठ ने लॉ स्टूडेंट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अधिवक्ता विशाल बघेल सहित अन्य संबद्ध याचिकाओं की सुनवाई करते हुए नर्सिंग छात्रों को राहत दी है। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि अयोग्य कॉलेजों से योग्य कॉलेजों में स्थानांतरित किए जा रहे छात्रों से अतिरिक्त ट्यूशन फीस नहीं वसूली जा सकेगी। वहीं, फर्जी फैकल्टी के मामले में नर्सिंग काउंसिल के रजिस्ट्रार को अगली सुनवाई में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं।

छात्रों से नहीं ली जाएगी दोहरी फीस

सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता की ओर से सरकार के शिफ्टिंग मॉड्यूल में फीस संबंधी अस्पष्टता और अन्य खामियों को लेकर आपत्ति जताई गई। हाईकोर्ट ने कहा कि स्थानांतरित होने वाले छात्र संबंधित शैक्षणिक सत्र की फीस पहले ही जमा कर चुके हैं। ऐसे में उन पर दोबारा ट्यूशन फीस का आर्थिक बोझ नहीं डाला जा सकता। योग्य कॉलेज केवल वास्तविक आकस्मिक खर्च, जैसे परीक्षा शुल्क, प्रैक्टिकल शुल्क या न्यूनतम पर्यवेक्षण शुल्क ही ले सकेंगे। ने मध्य प्रदेश नर्सिंग रजिस्ट्रेशन काउंसिल को सभी निजी योग्य कॉलेजों के साथ बैठक कर स्थानांतरित छात्रों के लिए शुल्क में एकरूपता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इससे अलग-अलग कॉलेजों द्वारा मनमाने शुल्क वसूले जाने की आशंका पर रोक लग सकेगी।

नया शिफ्टिंग मॉड्यूल पेश करने के निर्देश

याचिकाकर्ता अधिवक्ता विशाल बघेल ने शिफ्टिंग प्रक्रिया में सुधार के लिए कई सुझाव पेश किए। इनमें अयोग्य कॉलेजों से फीस वापसी की अधिकतम समयसीमा 30 दिन तय करना, निर्धारित अवधि में राशि नहीं लौटाने पर बैंक गारंटी या एफडीआर से वसूली, अतिरिक्त क्लिनिकल ट्रेनिंग का खर्च संबंधित कॉलेज पर डालना और प्रभावित छात्रों के लिए क्षतिपूर्ति निधि बनाने जैसे सुझाव शामिल हैं।इसके अलावा छात्रों की लॉगबुक और क्लिनिकल रिकॉर्ड का सरकारी अस्पतालों से सत्यापन, पारदर्शी काउंसलिंग, मेरिट के आधार पर कॉलेज आवंटन, फैकल्टी की आधार आधारित बायोमेट्रिक उपस्थिति और डबल शिफ्ट में शिक्षकों की निगरानी की मांग की गई। अयोग्य संस्थानों पर एफआईआर, ब्लैकलिस्टिंग, स्वतंत्र नोडल अधिकारी और शिकायत प्रकोष्ठ बनाने के सुझाव भी दिए गए।हाईकोर्ट ने इन सुझावों को शामिल करते हुए नर्सिंग काउंसिल को अगली सुनवाई से पहले समेकित शिफ्टिंग मॉड्यूल तैयार कर पेश करने का निर्देश दिया है।पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने और योग्य छात्रों को मेरिट के आधार पर कॉलेज आवंटित करने के लिए हाईकोर्ट ने एमपीएनआरसी और लॉ स्टूडेंट्स एसोसिएशन को चार सप्ताह के भीतर नई नियमावली का मसौदा तैयार कर पेश करने के निर्देश दिए हैं।

45 कॉलेजों में फर्जी फैकल्टी का आरोप, रजिस्ट्रार तलब

सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता की ओर से आरोप लगाया गया कि 45 निजी नर्सिंग कॉलेजों में सरकारी कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर्स को फर्जी तरीके से फैकल्टी के रूप में दर्शाया गया है। इस मामले में नर्सिंग काउंसिल के रजिस्ट्रार की संलिप्तता के आरोप भी लगाए गए।मामले की गंभीरता को देखते हुए हाईकोर्ट ने मध्य प्रदेश नर्सिंग रजिस्ट्रेशन काउंसिल के रजिस्ट्रार को अगली सुनवाई में अनिवार्य रूप से व्यक्तिगत रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button