ऑटो में छूटा 20 लाख के जेवरों से भरा बैग, पुलिस ने 12 घंटे में किया बरामद

ऑटो में छूटा 20 लाख के जेवरों से भरा बैग, पुलिस ने 12 घंटे में किया बरामद
यशभारत, भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में गोविंदपुरा पुलिस ने तत्परता और ईमानदारी की मिसाल पेश करते हुए एक युवक का ऑटो में छूटा कीमती बैग महज 12 घंटे के भीतर ढूंढ निकाला। इस बैग में करीब 20 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी रखी हुई थी। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से पीड़ित की जिंदगी भर की जमा-पूंजी डूबने से बच गई।
जानकारी के अनुसार, रायसेन जिले के बेगमगंज निवासी पूनम साहू किसी काम से भोपाल आए थे। वे रानी कमलापति रेलवे स्टेशन पर उतरे और वहां से आईएसबीटी जाने के लिए एक ऑटो में सवार हुए। जल्दबाजी में उनका बैग ऑटो में ही छूट गया। जब तक उन्हें इसका अहसास हुआ, ऑटो चालक वहां से जा चुका था। बैग में 20 लाख रुपये मूल्य के जेवरात और नकदी होने के कारण पीड़ित बेहद परेशान हो गया।
पूनम साहू ने बिना देरी किए तुरंत गोविंदपुरा थाने पहुंचकर मामले की सूचना दी। उन्होंने थाना प्रभारी अवधेश तोमर को पूरी घटनाक्रम से अवगत कराया। मामले की गंभीरता और जेवरों की भारी कीमत को देखते हुए पुलिस ने तत्काल विशेष टीम का गठन किया। पुलिस ने स्टेशन से आईएसबीटी के मार्ग पर लगे कैमरों और तकनीकी सर्विलांस की मदद ली।
सक्रियता दिखाते हुए पुलिस टीम ने विभिन्न सूत्रों और तकनीकी कड़ियों को जोड़कर महज 12 घंटे के भीतर संबंधित ऑटो चालक को ढूंढ निकाला। पूछताछ में ऑटो चालक ने बताया कि उसके ऑटो में एक बैग रखा हुआ है, लेकिन उसे इस बात की बिल्कुल जानकारी नहीं थी कि उस बैग के अंदर क्या है। पुलिस ने बैग को सुरक्षित जब्त कर कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे सकुशल पूनम साहू के सुपुर्द कर दिया।







