शादी का झांसा देकर युवती से दो साल तक रेप

शादी का झांसा देकर युवती से दो साल तक रेप
भोपाल,यशभारत। राजधानी के बागसेवनिया थाना इलाके में एक 28 वर्षीय युवती को शादी का झांसा देकर एक युवक ने दो साल तक अपनी हवस का शिकार बनाया। युवती की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बलात्कार का मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश तेज कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता पिछले दो सालों से मुकेश मिश्रा नामक युवक के साथ प्रेम संबंध में थी। पीड़िता का आरोप है कि मुकेश लगातार उसे शादी का झांसा देता रहा और इसी बहाने वह उसका शारीरिक शोषण करता रहा। जब युवती ने मुकेश पर शादी के लिए दबाव बनाना शुरू किया, तो उसने अचानक शादी करने से मना कर दिया। युवक की इस धोखेबाजी से आहत होकर युवती सीधे बागसेवनिया थाने पहुँची और आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपी मुकेश मिश्रा के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी घटना के बाद से फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।






