जबलपुरमध्य प्रदेशराज्य

तेज़ रफ्तार कार ने छीनी माँ की जिंदगी – दो बेटे गंभीर घायल, ग्वारी गाँव के पास हुआ दर्दनाक हादसा

जबलपुर/पाटन। पाटन–शाहपुरा रोड पर ग्राम ग्वारी के पास शनिवार की दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। तेज़ रफ्तार से आ रही सफेद कार ने सामने चल रही मोटरसाइकिल को पीछे से इतनी जोरदार टक्कर मारी कि बाइक पर सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में महिला के दो बेटे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा–तफरी का माहौल बन गया और स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े।

परिवार के साथ लौट रही थी महिला

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शेख सोएब (23) पिता शेख रफीक अपनी मां शकीला बानो (47) और छोटे भाई रमजान (16) के साथ मोटरसाइकिल (क्रमांक एमपी 20 एमडी 9473) से शाहपुरा की ओर जा रहे थे। जब वे ग्राम ग्वारी के पास पहुँचे तभी पीछे से तेज़ रफ्तार में आ रही सफेद कार (क्रमांक एमपी 20 जेडएन 8904) ने लापरवाहीपूर्वक गाड़ी चलाते हुए बाइक को टक्कर मार दी।

मौके पर ही हो गई मौत

टक्कर इतनी भयावह थी कि बाइक सवार महिला शकीला बानो सड़क पर गिरते ही दम तोड़ बैठीं। वहीं बेटों शेख सोएब और रमजान को गंभीर चोटें आईं। राहगीरों की मदद से दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहाँ उनका इलाज जारी है।

कार पलटकर हुई क्षतिग्रस्त

हादसे के बाद कार भी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। कार चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है।

गांव में मातम, पुलिस की सख्ती की मांग

महिला की मौत की खबर गाँव में पहुँचते ही माहौल गमगीन हो गया। परिजनों का रो–रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर तेज़ रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने वालों पर पुलिस को कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

पुलिस जांच जारी

पाटन पुलिस ने मृतका का पंचनामा बनाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही कार चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला तेज़ रफ्तार और लापरवाही से गाड़ी चलाने का है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button