नर्मदा नगर में माँ-बेटी के शव मिले, पुलिस ने शुरू की जांच

जबलपुर,यश भारत ।नर्मदा नगर क्षेत्र अमखेरा मालगुज़ार परिषद के पास में एक घर के अंदर माँ और बेटी के शव फंदे पर लटके मिले। घटना की सूचना मिलने के बाद क्षेत्र में लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। मृतकों की पहचान अंजना कुशवाहा (40 वर्ष) और उनकी 9 वर्षीय बेटी मुस्कान कुशवाहा के रूप में हुई है।
प्रारंभिक तौर पर पारिवारिक विवाद और तनाव की आशंका जताई जा रही है, वहीं कुछ शुरुआती चर्चाओं में पारिवारिक संबंधों से जुड़े पहलू का भी जिक्र सामने आया है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुँची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए मेडिकल अस्पताल भिजवाया है। मामले में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया और लिखा-पढ़ी की जा रही है। पुलिस के अनुसार, परिजनों और संबंधित लोगों से पूछताछ सहित सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच जारी है।







