दहल गए दिल : रेलवे ट्रैक पर मिली कियोस्क संचालक की लाश, तेरहवीं से लौटे पिता को मिला बेटे का क्षत-विक्षत शव

इकलौते बेटे की मौत से परिवार में मचा कोहराम
सागर, यशभारतl खुरई- खिमलासा रेलवे लाइन पर युवक का क्षत-विक्षत शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची देहात थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त की, जिसमें मृतक की पहचान सिमरिया घाट निवासी हर्ष उर्फ हेमंत सिंह (पिता देशराज सिंह) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, हर्ष स्थानीय स्तर पर कियोस्क सेंटर संचालित करता था। सुबह से ही परिवार के सभी सदस्य एक रिश्तेदार के तेरहवीं कार्यक्रम में शामिल होने के लिए ऐचनवारा गांव गए हुए थे। दोपहर में जब हर्ष के पिता देशराज सिंह कियोस्क सेंटर के पास पहुंचे, तो दुकान बंद मिली।
आसपास के लोगों से पूछताछ करने पर उन्हें रेलवे लाइन पर शव मिलने की जानकारी लगी, जिसके बाद मौके पर पहुंचकर उन्होंने बेटे की शिनाख्त की।
बताया जा रहा है कि हर्ष अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। इस दुखद घटना के बाद पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। देहात थाना पुलिस ने घटनास्थल पर आवश्यक पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी में रखवा दिया है। पुलिस मर्ग कायम कर घटना के कारणों की जांच कर रही है।







