रस्सी खोलते ही युवक ने परिवार पर किया हमला, मां-नाना-नानी की मौत; चार घायल

अनूपपुर,एजेंसी। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के अमोदा गांव में शनिवार तड़के परिवार के लिए दर्दनाक घटना सामने आई। मानसिक रूप से अस्वस्थ बताए जा रहे एक युवक ने रस्सी से खोले जाने के बाद डंडे से परिवार के सदस्यों पर हमला कर दिया। हमले में उसकी मां, नाना और नानी की मौत हो गई, जबकि मामा और उनकी दो बेटियों समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए शहडोल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार अमोदा गांव निवासी प्रेम सिंह की मानसिक स्थिति ठीक नहीं बताई जा रही थी। परिजनों ने उसे बांधकर रखा हुआ था। शनिवार सुबह करीब 4 से 5 बजे के बीच उसकी मां अनूपिया बाई ने युवक के शांत होने की बात सोचकर उसकी रस्सियां खोल दीं। इसके बाद युवक ने पास में रखे डंडे से अचानक परिवार के सदस्यों पर हमला शुरू कर दिया। बताया गया कि हमले में युवक की मां अनूपिया बाई, नाना और नानी की मौत हो गई। इसके बाद उसने अपने मामा और उनकी दो बेटियों को भी निशाना बनाया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम अमोदा गांव पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। गंभीर रूप से घायल चार लोगों को शहडोल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। घटना की सूचना पर पुलिस के साथ फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम भी मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने आरोपी युवक को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार घटना के पीछे की परिस्थितियों और युवक की मानसिक स्थिति सहित अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।







