RTO पहुंचे आवेदकों का फूटा गुस्सा, 5 घंटे लाइन में लगकर भी खाली हाथ लौटे

सर्वर डाउन: RTO पहुंचे आवेदकों का फूटा गुस्सा, 5 घंटे लाइन में लगकर भी खाली हाथ लौटे
भोपाल, यशभारत। भोपाल क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय में सोमवार को प्रशासनिक अव्यवस्था और तकनीकी खामी का खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ा। लर्निंग और स्थायी ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने दूर-दराज से पहुंचे सैकड़ों आवेदकों को भीषण गर्मी के बीच 5 घंटे से अधिक समय तक कतारों में खड़ा रहना पड़ा। सर्वर ठप होने के कारण दिनभर कामकाज पूरी तरह ठप रहा और शाम को लोग बिना लाइसेंस बनवाए मायूस होकर लौटने को मजबूर हुए।
सुबह 10 बजे कार्यालय खुलते ही आवेदकों की लंबी लाइनें लग गई थीं। काम शुरू होते ही तकनीकी खराबी के चलते सर्वर डाउन हो गया। कार्यालय के कर्मचारियों और तकनीकी टीम की कोशिशों के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो सका। दोपहर 3 बजे कर्मचारियों ने आवेदकों को काम न होने की बात कहते हुए अगले दिन आने को कह दिया, लेकिन इतनी गर्मी के बावजूद कई लोग शाम 5 बजे तक इस उम्मीद में खड़े रहे कि शायद सर्वर चालू हो जाए। हालांकि, सर्वर शाम 5:30 बजे के बाद ही बहाल हो सका, तब तक सभी आवेदक वापस लौट चुके थे।

दूरी और गर्मी ने बढ़ाई परेशानी
आवेदकों ने व्यवस्था पर भारी नाराजगी जताई। लालघाटी से आए दीपक ने बताया कि आरटीओ ऑफिस पहुंचने में ही 1 घंटा लग जाता है, यहां आकर पता चला कि सर्वर बंद है। वहीं बैरागढ़ से आए मनोज शर्मा और नीलबड़ निवासी हरेंद्र ने कहा कि घंटों लाइन में खड़े रहने के बाद अब उन्हें कल दोबारा काम-धंधा छोड़कर कतार में लगना पड़ेगा। लाइसेंस विभाग के अलावा इंटरनेट ठप रहने से सामान्य कामकाज प्रभावित हुआ।







