भोपाल: मनमाने जुर्माने के विरोध में ट्रांसपोर्टर्स ने चूना भट्टी थाने के सामने किया चक्का जाम, पूरे शहर को ठप करने की दी चेतावनी

भोपाल: मनमाने जुर्माने के विरोध में ट्रांसपोर्टर्स ने चूना भट्टी थाने के सामने किया चक्का जाम, पूरे शहर को ठप करने की दी चेतावनी
भोपाल, यश भारत। परिवहन विभाग द्वारा लगाए जा रहे मनमाने और भेदभावपूर्ण जुर्माने को समाप्त करने तथा ट्रांसपोर्ट व्यवसाय को शोषण मुक्त और पारदर्शी व्यवस्था देने की मांगों को लेकर सोमवार को ट्रांसपोर्टरों का गुस्सा फूट पड़ा। पिछले 20 सितंबर से हड़ताल पर बैठी लोकल ट्रांसपोर्ट जागरूक सहायता समिति के बैनर तले ट्रांसपोर्टर्स ने कोलार रोड स्थित चूना भट्टी थाने के सामने अचानक चक्का जाम कर दिया।
इस अचानक हुए प्रदर्शन के कारण इलाके का यातायात पूरी तरह से ठप हो गया। दोपहर के समय हुए इस जाम में सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों को उठानी पड़ी। स्कूल से लौटने वाली दर्जनों बसों के साथ-साथ यात्री बसें और आम लोग घंटों जाम में फंसे रहे, जिससे राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
प्रदर्शनकारी ट्रांसपोर्टरों ने साफ शब्दों में कहा कि यह तो सिर्फ एक सांकेतिक प्रदर्शन था। उन्होंने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि उनकी जायज मांगों को जल्द से जल्द पूरा नहीं किया गया और पारदर्शी व्यवस्था लागू नहीं की गई, तो आने वाले दिनों में वे पूरे भोपाल शहर की रफ्तार रोक देंगे और उग्र आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।







