ट्विशा मौत मामला: शव उतारने वाले तीसरे शख्स की एंट्री से उलझी गुत्थी

ट्विशा मौत मामला: शव उतारने वाले तीसरे शख्स की एंट्री से उलझी गुत्थी
भोपाल, यशभारत। कटारा हिल्स क्षेत्र में पूर्व मॉडल और अभिनेत्री ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत का मामला लगातार पेचीदा होता जा रहा है। मामले में हर दिन नए खुलासे हो रहे हैं, जिससे तफ्तीश की गुत्थियां सुलझने की जगह और उलझती नजर आ रही हैं। मिली जानकारी के अनुसार, हाईकोर्ट के आदेश पर दिल्ली एम्स की टीम द्वारा किए गए दूसरे पोस्टमार्टम के बाद ट्विशा का अंतिम संस्कार कर दिया गया है।
इस बीच, पुलिस जांच में एक और अहम सफलता हाथ लगी है। घटना के वक्त ट्विशा के शव को ऊपर से नीचे लाने वाले तीसरे व्यक्ति की पहचान कर ली गई है। पुलिस के मुताबिक, इस संदेहास्पद शख्स का नाम स्वराज बघेल है, जो आरोपी गिरिबाला का पड़ोसी और रिश्तेदार बताया जा रहा है। पुलिस ने स्वराज को हिरासत में लेकर पूछताछ की है, जिससे कई नए सुराग मिलने की उम्मीद है।
गौरतलब है कि बीते 12 मई को कटारा हिल्स स्थित ससुराल में ट्विशा शर्मा का शव अत्यंत संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ था। शुरुआती पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद ट्विशा के मायके पक्ष ने जांच पर गंभीर सवाल खड़े किए थे। परिवार का सीधा आरोप है कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि साजिश है। उन्होंने आरोप लगाया कि ट्विशा की मौत के तुरंत बाद कुछ रसूखदार लोगों और सीसीटीवी तकनीशियनों को फोन किए गए थे, ताकि मौके से साक्ष्यों और सबूतों के साथ छेड़छाड़ की जा सके।
स्थानीय पुलिस की शुरुआती कार्रवाई और पोस्टमार्टम से असंतुष्ट परिवार ने जब तीखा विरोध दर्ज कराया, तो मामला उच्च न्यायालय तक पहुंचा। कोर्ट ने मामले की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली एम्स के विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम से दोबारा पोस्टमार्टम कराने के आदेश दिए। इस पूरे पोस्टमार्टम की बाकायदा वीडियोग्राफी भी कराई गई है।
कानूनी मोर्चे पर कार्रवाई तेज करते हुए पुलिस ने ट्विशा के पति समर्थ सिंह को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे 7 दिनों की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। समर्थ पर दहेज प्रताड़ना और आत्महत्या के लिए उकसाने जैसी संगीन धाराओं के तहत मामला दर्ज है। वहीं दूसरी ओर, मामले की सह-आरोपी गिरिबाला सिंह की जमानत को चुनौती देते हुए उसे रद्द कराने के लिए हाईकोर्ट में याचिका दायर की गई है। अब इस पूरे मामले का दारोमदार दिल्ली एम्स की दूसरी पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस रिमांड में पति समर्थ सिंह से होने वाली पूछताछ पर टिका है।







