भोपालमध्यप्रदेश

बीना रेलवे स्टेशन पर दिखा रिटायर्ड IAS हत्याकांड का संदिग्ध

बीना रेलवे स्टेशन पर दिखा रिटायर्ड IAS हत्याकांड का संदिग्ध

भोपाल, यशभारत। राजधानी के हाई-प्रोफाइल रिटायर्ड IAS अधिकारी राकेश अग्रवाल हत्याकांड में पुलिस क्राइम ब्रांच और जोन-1 की संयुक्त टीमों को बड़ी सफलता मिली है। तकनीकी जांच और सर्विलांस के आधार पर मामले के मुख्य आरोपी वरुण कुमार की लोकेशन मध्य प्रदेश के बीना रेलवे स्टेशन के आसपास ट्रेस की गई है, जिसके बाद पुलिस टीमों ने इलाके में घेराबंदी कर तलाश तेज कर दी है।

3 दिन पहले घर पहुंचा था, CCTV में बैग ले जाते दिखा
पुलिस पड़ताल में सामने आया है कि आरोपी वारदात से करीब तीन दिन पहले ही राकेश अग्रवाल के घर पहुंचा था। घटना के बाद आरोपी के बैग लेकर संदिग्ध परिस्थितियों में घर से बाहर निकलने के CCTV फुटेज भी पुलिस के हाथ लगे हैं। आरोपी पंजाब के पटियाला (नाभा) का निवासी है और वारदात को अंजाम देने के बाद से ही अपना मोबाइल स्विच ऑफ कर फरार हो गया था।

लूट के विरोध पर हत्या की आशंका, केयरटेकर एजेंसी भी रडार पर
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि आरोपी घर में चोरी या लूट के इरादे से घुसा था और विरोध करने पर उसने इस वारदात को अंजाम दिया। मामले में घर की सुरक्षा और कामकाज व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। घटना से ठीक पहले 12 दिनों के भीतर तीन केयरटेकर बदले गए थे, जिसके चलते अब पुलिस केयरटेकर उपलब्ध कराने वाली एजेंसी की भूमिका की भी गहनता से जांच कर रही है।

CM ने लिया संज्ञान, बिना CCTV वाले घर में ड्राइवर से कराया जाता था काम
मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घटना का संज्ञान लिया है और पुलिस अधिकारियों को निष्पक्ष व त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि आवास परिसर में CCTV कैमरे नहीं लगे थे और घरेलू कामों के लिए ड्राइवर की सेवाएं भी ली जा रही थीं। फिलहाल पुलिस की अलग-अलग टीमें बीना से मिले इनपुट के आधार पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button