चोरी का ऑटो बेचने की फिराक में घूम रहा नाबालिग पुट्टा मिल के पास धराया, 4 लाख का वाहन बरामद

चोरी का ऑटो बेचने की फिराक में घूम रहा नाबालिग पुट्टा मिल के पास धराया, 4 लाख का वाहन बरामद
भोपाल, यशभारत। राजधानी भोपाल की हनुमानगंज थाना पुलिस ने सतर्कता दिखाते हुए काजी कैंप क्षेत्र से चोरी हुए एक सवारी ऑटो को बरामद करने में सफलता हासिल की है। इस मामले में पुलिस ने एक 17 वर्षीय नाबालिग को हिरासत में लिया है, जो चोरी की गाड़़ी को ठिकाने लगाने और बेचने की कोशिश में घूम रहा था।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, मामला 6 सितंबर का है जब काजी कैंप के रहने वाले इरशाद (पिता अय्यूब खान) का सवारी ऑटो (MP04 ZR 7450) जनता मेडिकल स्टोर के पास से संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हो गया था। काफी तलाश के बाद भी जब कोई सुराग नहीं लगा, तो पीड़ित ने 8 सितंबर को हनुमानगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक अवधेश सिंह भदौरिया के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई और क्षेत्र में मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। इसी बीच पुलिस को सटीक सूचना मिली कि पुट्टा मिल के पास एक संदिग्ध लड़का चोरी का ऑटो बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और हुलिए के आधार पर नाबालिग को हिरासत में ले लिया। पुलिसिया पूछताछ में उसने ऑटो चोरी करने की बात स्वीकार कर ली, जिसके बाद उसकी निशानदेही पर 4 लाख रुपये कीमत का ऑटो बरामद कर लिया गया।
मामले में नाबालिग के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।






