जबलपुरदेशभोपालमध्य प्रदेशराज्य

नवरात्रि से पहले बिजली विभाग का विशेष अभियान, 30 टीमों ने हटाया केबल का जाल

पंडालों की सुरक्षा और ट्रांसफार्मरों के आसपास फेंसिंग पर जोर, जिला प्रशासन, पुलिस और नगर निगम के अधिकारी भी रहे मौजूद

जबलपुर, यश भारत। नवरात्रि और दशहरा पर्व के दौरान विद्युत दुर्घटनाओं को रोकने के लिए बिजली विभाग ने शहर में विशेष अभियान चलाया। शनिवार को करीब 30 टीमों ने अलग-अलग क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए अव्यवस्थित तरीके से फैले डिस्क केबल के जाल को हटाया। इसके साथ ही कई स्थानों पर ट्रांसफार्मरों के आसपास सुरक्षा की दृष्टि से फेंसिंग लगाने का काम भी किया गया।

पिछले एक सप्ताह से विभाग की टीमें पर्व के दौरान सुरक्षित विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित करने में जुटी हैं। अधिकारी और कर्मचारी शाम के समय दुर्गा पंडालों का निरीक्षण कर समितियों को सुरक्षित वायरिंग कराने, बिजली के तारों और ट्रांसफार्मरों से उचित दूरी बनाए रखने, अर्थिंग कराने तथा अस्थायी विद्युत कनेक्शन लेने के लिए जागरूक कर रहे हैं। वहीं, दिन के समय ट्रांसफार्मर, केबल, बिजली के तार, कटआउट और अन्य उपकरणों के रखरखाव के साथ तारों और केबल को ऊंचा करने का काम किया जा रहा है। विशेष अभियान के तहत उन क्षेत्रों पर अधिक ध्यान दिया गया, जहां पर्व के दौरान भीड़ अधिक रहती है और रास्ते संकरे होने के कारण दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।

कई विभागों के अधिकारी रहे मौजूद

अधीक्षण अभियंता संजय अरोरा ने बताया कि अभियान में बिजली विभाग के साथ जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन और नगर निगम के अधिकारी भी शामिल रहे। कार्रवाई के दौरान मुख्य अभियंता सरोज गिरिया, अधारताल एसडीएम एमबी रघुवंशी, तहसीलदार रंजना यादव और नगर निगम के कार्यपालन यंत्री लोनारे मौजूद रहे। विभाग का कहना है कि पर्व के दौरान सुरक्षित विद्युत व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं, ताकि श्रद्धालु बिना किसी बाधा के पूजा-अर्चना कर सकें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button