रेलवे स्टेशन पर महिला से 1.33 लाख का गांजा बरामद, गिरफ्तार… देंखे वीडियो
जबलपुर, यश भारत।

जबलपुर, यश भारत। जीआरपी जबलपुर ने बुधवार सुबह रेलवे स्टेशन पर प्लेटफॉर्म चेकिंग के दौरान एक महिला को 5.342 किलोग्राम गांजे के साथ पकड़ा। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 1 लाख 33 हजार 550 रुपये बताई गई है। कार्रवाई प्लेटफॉर्म क्रमांक 2-3 के इटारसी एंड पर की गई। पुलिस के अनुसार, चेकिंग के दौरान एक महिला संदिग्ध गतिविधियों के साथ नजर आई। पूछताछ में उसने अपना नाम बैदेही बाई पति सुजीत शिल्पी (35), निवासी रायसेन और हाल निवासी बरगढ़, ओडिशा बताया। उसके पास मौजूद कपड़े के थैले की तलाशी लेने पर सफेद कपड़े में लिपटे पांच पैकेट मिले। जांच में इनमें गांजा पाया गया। इलेक्ट्रॉनिक कांटे से तौल करने पर गांजे का कुल वजन 5.342 किलोग्राम निकला। पुलिस ने मादक पदार्थ जब्त कर महिला के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मामला दर्ज किया है। गांजा कहां से लाया गया और इसे किसे पहुंचाना था, इस संबंध में पूछताछ कर जांच की जा रही है। कार्रवाई में थाना प्रभारी संजीवनी राजपूत सहित जीआरपी स्टाफ की भूमिका रही।







