कटनी

पांच साल से फरार हत्या का आरोपी रीठी पुलिस के हत्थे चढ़ा, इटारसी से हुई गिरफ्तारी

कटनी, यशभारत। पिछले पांच साल से हत्या के मामले में फरार आरोपी को रीठी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। रीठी थाना प्रभारी मोहम्मद शाहिद ने बताया कि 2 फरवरी 2022 को चरसलाल पारधी पिता रामरस पारधी, निवासी ललितपुर बूढ़ा की मौत हो गई थी। जांच के दौरान पाया गया कि आरोपीगण जोनस लाल पारधी, रूलबाबू पारधी एवं चंसूर उर्फ बिस्किटलाल पारधी द्वारा लोहे की रॉड एवं बरछी से मारपीट कर चरसलाल पारधी की हत्या कर दी गई थी। घटना के दौरान बीच-बचाव करने आए अजूबा पारधी एवं टन्नी पारधी के साथ भी मारपीट की गई।
घटना के संबंध में थाना रीठी में अपराध क्रमांक 33/22, धारा 302, 324 भादवि के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
घटना के बाद से ही आरोपीगण फरार हो गए थे। पुलिस द्वारा लगातार उनकी तलाश एवं संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई। आरोपी पारधी समुदाय से होने के कारण एक स्थान पर स्थायी रूप से निवास नहीं करते थे, जिसके चलते उनकी गिरफ्तारी में कठिनाई आ रही थी। काफी प्रयासों के बावजूद आरोपियों के नहीं मिलने पर उनके विरुद्ध माननीय न्यायालय में फरारी चालान प्रस्तुत किया गया।
रीठी पुलिस द्वारा लगातार फरार आरोपियों की तलाश की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस को विश्वसनीय सूचना प्राप्त हुई कि हत्या के प्रकरण में फरार आरोपी रूलबाबू पारधी वर्तमान में इटारसी, जिला नर्मदापुरम में मौजूद है। सूचना की तस्दीक कर पुलिस टीम को तत्काल इटारसी रवाना किया गया। टीम द्वारा कार्रवाई करते हुए आरोपी रूलबाबू पारधी को इटारसी रेलवे स्टेशन के पास से 5 वर्ष बाद गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई कर उसे माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। कार्रवाई में निरीक्षक मोहम्मद शाहिद, उप निरीक्षक दिनेश चौहान, प्रधान आरक्षक अजय मेहरा, प्रधान आरक्षक नितेश दुबे, आरक्षक शमशेर सिंह, आरक्षक अमन सिंह थाना रीठी एवं सायबर सेल से शुभम गौतम की सराहनीय भूमिका रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button