वर्दी में सेवा की तस्वीर, पुलिस ने बांटी प्रसादी, बिना प्रचार के सामने आया पुलिस का मानवीय चेहरा…देंखे वीडियो
जरूरतमंदों से लेकर गौमाता तक की सेवा

(आकाश पाण्डेय )..जबलपुर, यश भारत। आमतौर पर पुलिस की पहचान कानून-व्यवस्था और अपराधियों पर कार्रवाई करने वाली फोर्स के रूप में होती है, लेकिन जबलपुर पुलिस का मानवीय चेहरा सामने आया है। पुलिसकर्मियों ने भंडारे में जरूरतमंदों को प्रसादी बांटने के साथ गौमाता को भी भोजन कराया। इस सेवा कार्य का पुलिस की ओर से कोई प्रचार नहीं किया गया। आसपास मौजूद लोगों ने जब पुलिसकर्मियों को सेवा करते देखा तो मोबाइल कैमरों में तस्वीरें और वीडियो रिकॉर्ड कर लिए। अब यही तस्वीरें सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच रही हैं। तस्वीरों में एडिशनल एसपी पल्लवी शुक्ला भी नजर आ रही हैं। वे निशक्तजनों और महिलाओं को आत्मीयता से प्रसादी बांटती और उनका हाल-चाल पूछती दिखाई दीं। पुलिसकर्मियों ने भी भंडारे में लोगों को प्रसादी वितरित की।
सेवा का यह सिलसिला जरूरतमंदों तक ही सीमित नहीं रहा। पुलिस जवानों ने गौमाता को भी भोजन कराया। एडिशनल एसपी पल्लवी शुक्ला ने कैमरे के सामने इस संबंध में ज्यादा कुछ कहने से इनकार किया। उन्होंने इतना जरूर बताया कि जबलपुर पुलिस की ओर से इस तरह के सेवा कार्य लगातार किए जाते हैं और पुलिस अधीक्षक भी इन कार्यों की सराहना करते हैं।बिना प्रचार किए किए गए इस सेवा कार्य की तस्वीरें अब लोगों के बीच चर्चा का विषय हैं। पुलिस की वर्दी में सेवा और संवेदना की यह तस्वीर कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी के साथ समाज के प्रति मानवीय सरोकार का संदेश भी दे रही है।







