महिलाओं ने कोतवाली टीआई को बांधी राखी, सुरक्षा का मिला भरोसा, पुलिस स्टाफ के संग बांटी रक्षाबंधन की खुशियां

कटनी, यशभारत। रक्षाबंधन के पावन अवसर पर कोतवाली में आत्मीयता और विश्वास का अनूठा दृश्य देखने को मिला। शहर की महिलाओं ने कोतवाली पहुंचकर टीआई राखी पांडे की कलाई पर राखी बांधी और सुरक्षा का प्रतीक पावन धागा समर्पित किया। इस दौरान महिलाओं ने कोतवाली में पदस्थ पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को भी राखी बांधकर रक्षाबंधन का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया। कार्यक्रम में भाईचारे, विश्वास और पुलिस जनता के मजबूत संबंधों का संदेश दिया गया। राखी बंधवाने के बाद कोतवाली टीआई राखी पांडे ने महिलाओं को भरोसा दिलाया कि कटनी पुलिस उनकी सुरक्षा, सम्मान और हर परिस्थिति में मदद के लिए हमेशा तत्पर है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और किसी भी परेशानी की स्थिति में पुलिस तुरंत उनके साथ खड़ी मिलेगी। रक्षाबंधन के इस विशेष आयोजन ने पुलिस और आमजन के बीच विश्वास को और मजबूत करने का संदेश दिया। महिलाओं ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में सुरक्षा और अपनत्व की भावना को बढ़ावा देते हैं।







