नेपाल में तिब्बत सीमा के पास भीषण बाढ़, सात की मौत; 28 सुरक्षाकर्मी लापता
काठमांडू।

नेपाल में तिब्बत सीमा के पास भीषण बाढ़, सात की मौत; 28 सुरक्षाकर्मी लापता
काठमांडू। नेपाल के तिब्बत सीमा से लगे रसुवा जिले में भोटे कोशी नदी में अचानक आई भीषण बाढ़ ने भारी तबाही मचा दी। बाढ़ से कई गांव और निर्माणाधीन परियोजनाओं की साइटें प्रभावित हुई हैं। हादसे में अब तक सात लोगों की मौत की सूचना है, जबकि 28 सुरक्षाकर्मियों से संपर्क नहीं हो पा रहा है। प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले लोगों को सुरक्षित और ऊंचे स्थानों पर जाने की सलाह दी है। अधिकारियों के मुताबिक, स्याप्रुबेसी और तिमुरे क्षेत्र बाढ़ से सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं। जिला प्रशासन को गांवों और इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट साइटों के बहने की खबरें मिली हैं। हालांकि, नुकसान का अभी तक स्पष्ट आकलन नहीं हो सका है। जिला प्रशासक नरेंद्र परियार ने कहा कि बड़े पैमाने पर जान-माल के नुकसान की आशंका है। प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने राहत एवं बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस और सेना की टीमें प्रभावित इलाकों में भेजी गई हैं तथा निचले क्षेत्रों के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। बाढ़ के बाद 19 नेपाल पुलिसकर्मी और नौ आर्म्ड पुलिस फोर्स (APF) के जवान लापता बताए जा रहे हैं। रसुवागढ़ी पुलिस पोस्ट के 22 पुलिसकर्मियों में से 13 से संपर्क नहीं हो पाया है। वहीं, स्याप्रुबेसी में तैनात नौ पुलिसकर्मियों में से छह लापता हैं। तिमुरे बॉर्डर आउटपोस्ट के नौ APF जवान भी संपर्क से बाहर हैं।भोटे कोशी नदी तिब्बत से निकलकर नेपाल की त्रिशूली नदी में मिलती है। यह आगे भारत में गंडक नदी के रूप में बहती है। पिछले वर्ष भी इस नदी में आई बाढ़ में नौ लोगों की मौत और 24 लोग लापता हुए थे।







