
गोरखपुर। सिकरीगंज थाना क्षेत्र के ढखवां गांव में शनिवार देर रात वर्षों से चले आ रहे जमीनी विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। जिसमें एक 26 वर्षीय युवक की पीटकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद युवक के परिवारजनों का रो कर बुरा हाल है, घटनास्थल पर पुलिस टीम पहुंचते ही गांव में सन्नाटा छा गया।
ढखवां गांव के पिंटू साहनी 26 वर्ष पुत्र लल्लू साहनी के परिवार का गांव में पट्टीदारों के साथ भूमि विवाद को लेकर पुरानी रंजिश चल रही थी। शनिवार को देर रात इसी विवाद को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी, नोंकझोंक शुरू हुई जो कि देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। आरोप है कि विरोधी पक्ष के लोगों ने पिंटू साहनी पर लाठी-डंडे, ईंट और लोहे की राॅड से हमला कर दिया, जिसमें पिंटू साहनी गंभीर रूप से घायल हो गया, परिजन उसे तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले जाने की तैयारी में जुटे, किंतु प्राणघातक चोट के कारण उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। जिसके बाद परिवार के लोगों में चीख-पुकार मच गई।
घटना की सूचना पर सिकरीगंज थानाध्यक्ष अंजुल कुमार चतुर्वेदी तथा क्षेत्राधिकारी खजनी विवेक कुमार तिवारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामे के बाद जिले पर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई लोगों के आक्रोश को देखते हुए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
बताया गया कि सगे पट्टीदारों के साथ जमीन का विवाद था। इनकी पुश्तैनी खेती की जमीन के एक हिस्से में सड़क निकल गई थी, दोनों अपने लिए सड़क की तरफ हिस्सा चाहते थे। जिसको लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था, रात में उसी को लेकर आपसी झड़प हुई जो कि मारपीट में बदल गई पिंटू के सर में गंभीर चोट लगी और उसकी मौत हो गई।
क्षेत्राधिकारी ख़जनी विवेक कुमार तिवारी ने बताया कि जानकारी मिली है कि पुराने जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट हुई है, जिसमें एक युवक की हत्या हो गई है, युवक के परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस टीमों को लगा दिया गया है, एहतियातन गांव में पुलिस लगातार निगरानी बनाए हुए है।







