भोपालमध्य प्रदेश

भीषण गर्मी से राहत के आसार, आज से बदलेगा मौसम, अगले 4 दिनों में 5 डिग्री तक गिरेगा पारा, कई जिलों में आंधी-बारिश और ओले का अलर्ट

भीषण गर्मी से राहत के आसार, आज से बदलेगा मौसम, अगले 4 दिनों में 5 डिग्री तक गिरेगा पारा, कई जिलों में आंधी-बारिश और ओले का अलर्ट

भोपाल, यशभारत। मध्य प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से जारी नौतपा की भीषण गर्मी और चुभती लू से अब राहत मिलने के आसार नजर आ रहे हैं। आज यानी 30 मई से प्रदेश के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। भोपाल मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, आगामी 24 घंटों के बाद तापमान में धीरे-धीरे 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आएगी, जिससे आम जनता को चिलचिलाती धूप और गर्मी से बड़ी राहत मिल सकती है। मौसम विभाग ने 30 मई से 2 जून तक प्रदेश के कई जिलों में तेज हवाओं, वज्रपात ओलावृष्टि और हल्की से भारी बारिश का यलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

खजुराहो में पारा 46.5 डिग्री, पचमढ़ी सबसे ठंडा
पिछले 24 घंटों में प्रदेश में सबसे अधिक तापमान छतरपुर के खजुराहो में 46.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा राजगढ़ में 46.0, दतिया में 45.7, मलाजखंड, नौगांव व दमोह में 45.5 तथा विदिशा में 45.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ। वहीं, न्यूनतम तापमान की बात करें तो पर्वतीय स्थल पचमढ़ी में पारा सबसे कम 20.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जिससे वहां मौसम सुहावना बना हुआ है। रात के तापमान में सिवनी 31.0 डिग्री के साथ सबसे गर्म रहा, जबकि भोपाल में न्यूनतम तापमान 29.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

30 मई से 2 जून तक आंधी-तूफान का तांडव
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, 30 मई की सुबह से 31 मई की सुबह के बीच प्रदेश के कई हिस्सों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलेंगी। इस दौरान गरज-चमक के साथ ओले गिरने और वज्रपात की आशंका है। हालांकि, कुछ सीमित क्षेत्रों में दोपहर के समय हीटवेव का असर भी देखा जा सकता है। इसके बाद 31 मई से 1 जून के बीच हवा की रफ्तार 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे रहेगी और मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहेगा। 1 जून से 2 जून के बीच भी गरज-चमक के साथ हल्की बारिश का दौर जारी रहेगा।

ग्वालियर-चंबल में ओले, भोपाल-इंदौर सहित इन जिलों में बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने ग्वालियर-चंबल संभाग सहित बुंदेलखंड के कुछ हिस्सों में ओले गिरने की विशेष चेतावनी दी है। इनमें ग्वालियर, दतिया, मुरैना, श्योपुरकलां, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी शामिल हैं। इसके अलावा भोपाल, इंदौर, उज्जैन, रतलाम, झाबुआ, अलीराजपुर, मंदसौर, नीमच, गुना, शिवपुरी, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, शहडोल, उमरिया, डिंडोरी, कटनी, जबलपुर, सागर और दमोह समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।

दूसरी ओर, मौसम में आ रहे इस बदलाव के बीच गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, भिंड, सतना, शहडोल, उमरिया, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, पन्ना, दमोह, सागर और मैहर जैसे जिलों में कुछ स्थानों पर हीटवेव का असर भी बना रहेगा। मौसम विभाग ने लोगों को आंधी और बिजली चमकने के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button