बाइक सवार युवकों को रौंदकर खेत में पलटी स्कॉर्पियो, तीन गंभीर

बाइक सवार युवकों को रौंदकर खेत में पलटी स्कॉर्पियो, तीन गंभीर
जबलपुर। जबलपुर-मंडला रोड पर फूलसागर-पड़रिया के बीच सोमवार दोपहर तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक सवार तीन युवकों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार सड़क पर गिर गए और स्कॉर्पियो उन्हें रौंदते हुए खेत में जाकर पलट गई। हादसे में तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें एक की हालत अत्यंत चिंताजनक बताई जा रही है। घटना के बाद सड़क पर जाम की स्थिति निर्मित हो गई। पुलिस के अनुसार घुघरी क्षेत्र के ग्राम सेंधवारा निवासी अंकुश सैयाम, प्रभात सरोते और राहुल कुलस्ते मोटरसाइकिल से गरम पानी कुंड जाने के लिए निकले थे। वे फूलसागर से पड़रिया की ओर जा रहे थे। इसी दौरान तिन्दनी की ओर से जबलपुर की तरफ जा रही स्कॉर्पियो ने एक कंटेनर को ओवरटेक करते समय सामने चल रही बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही तीनों युवक बाइक से उछलकर सड़क पर जा गिरे। इसके बाद स्कॉर्पियो उन्हें रौंदते हुए सड़क किनारे खेत में जाकर पलट गई। हादसे में तीनों युवकों के शरीर में गंभीर चोटें आईं और वे सड़क पर घायल अवस्था में पड़े रहे। राहगीरों ने घटना की सूचना पुलिस को दी।पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को शासकीय अस्पताल पहुंचाया। यहां उनका उपचार जारी है। हादसे के बाद जबलपुर-मंडला रोड पर काफी देर तक जाम लगा रहा। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।







