गेहूं खरीदी में किसानों के साथ धोखा कर रही भाजपा सरकार , कुणाल चौधरी
BJP government is cheating farmers in wheat procurement, Kunal Chaudhary

गेहूं खरीदी में किसानों के साथ धोखा कर रही भाजपा सरकार , कुणाल चौधरी
भोपाल यश भारत । मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित पत्रकार वार्ता में कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव कुणाल चौधरी ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर गेहूं खरीदी व्यवस्था को लेकर किसानों के साथ धोखा करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार एक ओर 95 लाख मीट्रिक टन गेहूं खरीदी का दावा कर रही है, जबकि बड़ी मात्रा में गेहूं अब भी किसानों के पास पड़ा हुआ है। कुणाल चौधरी ने कहा कि सरकार ने किसानों से एक एक दाना खरीदने का वादा किया था लेकिन प्रदेश के कई किसान अब भी स्लॉट बुकिंग के इंतजार में हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि खरीदी केंद्रों पर सर्वर डाउन होने की समस्या लगातार बनी हुई है जिससे किसानों को घंटों धूप में लाइन में खड़ा रहना पड़ रहा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सरकार ने खरीदी इतनी ऑनलाइन कर दी है कि किसान लाइन में खड़ा खड़ा ऑफलाइन हो रहा है। उन्होंने कहा कि पहले सरकार ने गेहूं खरीदी की तारीख बढ़ाने की बात कही थी लेकिन बाद में स्लॉट बुकिंग की अवधि घटा दी गई। कांग्रेस नेता ने ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली कटौती और किसानों की परेशानी का मुद्दा भी उठाया। उनका कहना था कि भीषण गर्मी में किसान खरीदी केंद्रों पर परेशान हो रहे हैं। कांग्रेस ने मांग की है कि गेहूं खरीदी की अवधि बढ़ाई जाए सभी किसानों को तत्काल स्लॉट उपलब्ध कराए जाएं और खरीदी केंद्रों पर बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।







