चलती बस में लाखों के जेवर पर हाथ साफ, चोरी कर बस में ही छिपा दिए थे जेवरात, पुलिस की सतर्कता से चोरों का प्लान फेल

कटनी/शाहनगर, यशभारत। पन्ना जिले के शाहनगर में बुधवार शाम एक चलती बस में चोरी की सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां पवई से सफर कर रही एक महिला के लगभग 1 लाख 50 हजार रुपये कीमत के सोने के जेवरात किसी अज्ञात व्यक्ति ने चोरी कर लिए। घटना की जानकारी मिलते ही महिला ने तुरंत डायल 112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही शाहनगर पुलिस अलर्ट मोड में आ गई और बिना देर किए मौके पर पहुंची। पुलिस ने बस को रुकवाकर यात्रियों से पूछताछ शुरू की। जांच के दौरान यात्रियों को कुछ देर असुविधा का सामना करना पड़ा लेकिन पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बस को सीधे शाहनगर थाने ले जाकर गहन तलाशी शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को बड़ा सुराग मिला। चोर ने 13 लॉकेट वाली सोने की मनचली को राजश्री गुटखा की पन्नी में भरकर बस की सीट के नीचे छिपा दिया था, ताकि किसी को शक न हो लेकिन शाहनगर पुलिस की सतर्कता के आगे चोर की चालाकी नहीं चल सकी। तलाशी के दौरान पुलिस ने पूरा मसरूका बरामद कर लिया और महिला को सुरक्षित वापस सौंप दिया। बताया जा रहा है कि यह पूरी घटना बुधवार दोपहर करीब 12 बजे के बाद की है। फिलहाल पुलिस अज्ञात आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।







