स्पा सेंटर संचालक एव गुर्गों ने पीटा, कचरा फेंकने की मामूली बात पर विवाद, माधवनगर थाना क्षेत्र के बरगवां में वारदात

कटनी, यशभारत। माधवनगर थाना क्षेत्र के बरगवां में देर रात एक स्पा सेंटर संचालक द्वारा पड़ोसी दुकान के कर्मचारियों से मारपीट किए जाने मामला सामने आया है। घटना में लगभग तीन से चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद इलाके में देर रात तक दहशत का माहौल बना रहा। घायल युवको का कहना है कि दुकान का कचरा फंेकने पर स्पा सेंटर के संचालक व उसके स्टाफ द्वारा विवाद शुरू किया गया, जिसमें मारपीट तक की नौबत आई। घायलों में शामिल कपिल पटेल ने बताया कि वह विजय विजन नेटवर्क के कार्यालय में काम करता है। देर रात कचरा फेंकने की बात को लेकर विवाद शुरू हुआ था। आरोप है कि विवाद के दौरान स्पा सेंटर से जुड़े कुछ लोगों ने अचानक मारपीट शुरू कर दी। पीडि़तों का कहना है कि आरोपियों ने उनके मोबाइल फोन और वाहनों को भी छीन लिया। घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों ने बीच बचाव कर घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज किया गया। बताया जा रहा है कि कुछ युवकों को गंभीर चोटें आई हैं। लखेरा निवासी 21 वर्षीय विधान राय पिता सुंदर श्याम राय की शिकायत पर माधवनगर पुलिस ने अज्ञात युवकों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि घटना की सूचना पुलिस को समय पर दे दी गई थी लेकिन काफी देर तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। लोगों का कहना है कि यदि पुलिस तत्काल कार्रवाई करती तो हालात इतने नहीं बिगड़ते। घटना के बाद घायलों के परिजनों और स्थानीय नागरिकों में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर भारी आक्रोश देखने को मिला।
सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों की पहचान
माधवनगर पुलिस का कहना है कि घटनास्थल और स्पा सेंटर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। घटना के बाद बरगवां क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है। वहीं लगातार स्पा सेंटरों के बाहर हो रहे विवादों ने शहर की कानून व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
इनका कहना है
डीएसपी रत्नेश मिश्रा ने बताया कि कचरा फेंकने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद मारपीट की घटना हुई। एक पक्ष ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई, जबकि दूसरा पक्ष जिला अस्पताल में गंभीर अवस्था में इलाज कराने भर्ती है और उनके बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि डॉक्टर की रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की धाराएं बढ़ाई जाएंगी।






