पदभार संभालते ही एक्शन मोड में दिखे एएसपी, पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ करेंगे दायित्वों का निर्वहन

कटनी, यशभारत। नवागत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य ने शुक्रवार को कटनी पहुंचकर एसपी अभिनय विश्वकर्मा से मुलाकात कर परिचय प्रदान किया। इसके पश्चात उन्होंने एसपी से जिले की वर्तमान भौगोलिक परिदृश्य, वर्तमान अपराधिक चुनौतियों, प्राथमिकताओं, जिले की कानून व्यवस्था, कार्यप्रणाली की जानकारी ली एवं मार्गदर्शन प्राप्त किया। इसके पश्चात एएसपी ने पदभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण करने के पश्चात कार्यालय की सभी शाखाओं का भ्रमण कर पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारी से परिचय प्राप्त कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इस अवसर पर श्री मौर्य ने कहा कि वे वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों का पालन करते हुए पूर्ण पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि आमजन को त्वरित न्याय, सुशासन, सुरक्षा एवं विश्वास प्रदान करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। श्री मौर्य ने स्पष्ट किया कि जिले में बेहतर शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने तथा सामुदायिक पुलिसिंग को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे।
कानून और यातायात व्यवस्था का लिया जायजा
एएसपी कमल मौर्य ने पदभार ग्रहण करते ही सक्रियता का परिचय देते हुए शहर का भ्रमण कर कानून व्यवस्था और यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने कोतवाली थाना परिसर का निरीक्षण करने के साथ ही माधवनगर थाना क्षेत्र का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्थाओं एवं यातायात संचालन की स्थिति का अवलोकन किया। इस दौरान एएसपी ने प्रमुख मार्गों, व्यस्त चौराहों तथा महत्वपूर्ण चेकिंग पॉइंटों का निरीक्षण किया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से चर्चा कर उनकी कार्यप्रणाली की जानकारी ली तथा बेहतर पुलिसिंग के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
पारदर्शी पुलिसिंग अपनाने के लिए किया प्रेरित
उन्होंने कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाए रखने, यातायात प्रबंधन को प्रभावी बनाने तथा आमजन के प्रति संवेदनशील और जवाबदेह व्यवहार सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। इसके अलावा थाना कोतवाली परिसर में अभिलेखों के संधारण, साफ सफाई, व्यवस्था एवं जनसुनवाई प्रक्रिया का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एएसपी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अनुशासित, जनोन्मुखी और पारदर्शी पुलिसिंग अपनाने के लिए प्रेरित किया। उनके इस सक्रिय दौरे को जिले में प्रभावी कानून व्यवस्था और बेहतर पुलिस जन संवाद की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।







