भोपालमध्यप्रदेश

सुरक्षा और सिस्टम पर उठे गंभीर सवाल; बाल-बाल बचे कार चालक, डीआरएम ने दिए जांच के आदेश

रतलाम रेल हादसा: सुरक्षा और सिस्टम पर उठे गंभीर सवाल; बाल-बाल बचे कार चालक, डीआरएम ने दिए जांच के आदेश

भोपाल, यशभारत। मध्य प्रदेश के रतलाम में गुरुवार रात हुए दर्दनाक रेल हादसे ने रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था और मैदानी अमले की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हिसार-खड़की सुपरफास्ट एक्सप्रेस और कार की भीषण टक्कर का  वीडियो सामने आने के बाद अब इस पूरे घटनाक्रम में नया मोड़ आ गया है। हादसे में बाल-बाल बचे कार चालक प्रणय उपाध्याय ने रेलवे प्रशासन पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं, जिससे यह मामला महज एक दुर्घटना नहीं, बल्कि घोर लापरवाही का परिणाम प्रतीत हो रहा है।

चालक की जुबानी: कैसे रची गई हादसे की पृष्ठभूमि?

ताल निवासी प्रणय उपाध्याय अपनी कार से ताल से रतलाम आ रहे थे। गुरुवार रात करीब 10:30 बजे जब वह बंजली बायपास मार्ग स्थित रेलवे क्रॉसिंग पर पहुंचे, तो उनके अनुसार फाटक पूरी तरह खुला हुआ था। बिना किसी रुकावट के वह कार लेकर क्रॉसिंग के अंदर दाखिल हुए, लेकिन तभी अचानक फाटक बंद हो गया और उनकी कार बीच ट्रैक पर फंस गई।

गेटमैन पर नशे में होने और गुमराह करने का गंभीर आरोप

अपनी जान बचाने की जद्दोजहद में जब प्रणय मदद के लिए गेटमैन के कमरे की तरफ भागे, तो वहां का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। प्रणय का दावा है कि घटनास्थल से करीब पांच मिनट की दूरी पर स्थित गेटमैन के कमरे में शराब और बीयर की बोतलें, केन और गिलास बिखरे पड़े थे और ड्यूटी पर तैनात गेटमैन बुरी तरह नशे की हालत में था।

पीड़ित का आरोप है कि जब उन्होंने अपनी कार फंसी होने की बात कही, तो नशे में धुत गेटमैन ने होश में रहने के बजाय उन्हें यह कहकर और भ्रमित कर दिया कि ट्रेन दूसरी दिशा से आएगी। इस गलत जानकारी के झांसे में आकर जब वह अपनी कार हटाने के लिए वापस ट्रैक पर पहुंचे, तो कुछ ही पलों में हिसार-खड़की एक्सप्रेस तेज रफ्तार से आ गई और कार को जोरदार टक्कर मार दी।

टल गया बड़ा नरसंहार, मलबे में बदली कार

यह गनीमत रही कि टक्कर से ठीक एक सेकंड पहले प्रणय कार से छलांग लगाकर बाहर निकलने में कामयाब रहे, जिससे उनकी जान बच गई। यदि वे कार के अंदर ही रहते, तो परिणाम बेहद भयानक हो सकता था। इस भीषण टक्कर में कार दूर जा गिरी और पूरी तरह मलबे में तब्दील हो गई, जबकि ट्रेन के इंजन का अगला हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के वक्त वहां से गुजर रहा एक अन्य बाइक सवार भी बाल-बाल बचा।

अब डीआरएम की जांच पर टिकी निगाहें

इस खुलासे और घटना के वीडियो के सामने आने के बाद रेलवे महकमे में हड़कंप मच गया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए डीआरएम अश्वनी कुमार समेत तमाम आला अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। रतलाम स्टेशन पर ट्रेन के इंजन की तकनीकी जांच के बाद उसे गंतव्य के लिए रवाना किया गया।
 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button