जनकल्याण शिविर शुरू, विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को मिला लाभ
सांसद श्री शर्मा ने कहा— अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता

जनकल्याण शिविर शुरू, विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को मिला लाभ
सांसद विष्णु दत्त शर्मा ने कहा— अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता

कटनी,यशभारत। नगर निगम परिसर में तीन दिवसीय जनकल्याण शिविर का शुभारंभ खजुराहो लोकसभा सांसद विष्णु दत्त शर्मा एवं महापौर प्रीति सूरी के मुख्य आतिथ्य में किया गया। कार्यक्रम में निगमायुक्त तपस्या परिहार की उपस्थिति रही। दीप प्रज्वलन एवं मां सरस्वती के पूजन के साथ शिविर का शुभारंभ हुआ।कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक टंडन सोनी, पूर्व जिलाध्यक्ष पीताम्बर टोपनानी, मेयर इन काउंसिल सदस्य डॉ. रमेश सोनी, सुभाष शिब्बू साहू, उमेन्द्र अहिरवार, पार्षद सीमा श्रीवास्तव, जनप्रतिनिधि रम्मू साहू, मृदुल मिश्रा, मनीष दुबे, अभिषेक शर्मा, सुरेश सोनी, अभिषेक गुप्ता बाबा भैया, उपायुक्त शैलेश गुप्ता, प्रियंका झारिया सहित नगर निगम के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में हितग्राही उपस्थित रहे।
इस अवसर में सांसद ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की जनहितकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने नागरिकों से शिविर का अधिक से अधिक लाभ लेने का आह्वान करते हुए अधिकारियों को शिविर के दौरान उपस्थित रहकर समस्याओं के निराकरण के निर्देश दिए।
महापौर ने अपने संबोधन में निगम द्वारा संचालित विभिन्न कार्य योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए कहा सरकार महिला, युवा, किसान सहित हर वर्ग के विकास के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने लोगों से आसपास के जरूरतमंद नागरिकों को भी शिविर की जानकारी देकर योजनाओं का लाभ दिलाने में सहयोग करने की अपील की।
शिविर में प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर योजना, मुख्यमंत्री जनकल्याण संबल योजना, मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना, समग्र आईडी, राशन कार्ड, सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन कल्याण योजनाएं, प्रधानमंत्री आवास योजना, भवन अनुज्ञा, भवन नामांतरण, ट्रेड लाइसेंस सेवाएं तथा स्वरोजगार योजनाओं से संबंधित स्टॉल लगाए गए। यहां पात्र हितग्राहियों के आवेदन प्राप्त कर पंजीयन भी किया गया। सांसद एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने स्टॉलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। कार्यक्रम में पीएम स्वनिधि योजना के तहत दुर्गावती, अंकिता नामदेव, श्रुति बर्मन, ममता बर्मन, अमर कुमार, प्रकाश कुमार तिवारी, मिथुल, मुन्नी बाई, दीप्ति बेन एवं मुकेश निषाद को हितलाभ प्रदान किया गया। वहीं संबल योजना के अंतर्गत ममता विश्वकर्मा, आशा बाई, प्रतिभा विजेन्द्र सिंह, राजकुमार गुप्ता, सोनाली बर्मन एवं सोनम बाल्मीक को ई-संबल कार्ड वितरित किए गए। राम रती आदिवासी को इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना का स्वीकृति पत्र भी प्रदान किया गया। अन्य योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को भी लाभान्वित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन जागेश्वर प्रसाद पाठक ने किया तथा आभार प्रदर्शन उपायुक्त शैलेश गुप्ता ने किया।







