तेंदुए से भिड़ा 85 वर्षीय बुजुर्ग, गर्दन पर हमला किया, बुजुर्ग ने कान पकडक़र डंडे से मारा, जिला अस्पताल रिफर

कटनी/पवई, यशभारत। पन्ना जिले के पवई वन परिक्षेत्र के ग्राम नारदपुर में मंगलवार को एक 85 वर्षीय बुजुर्ग ने तेंदुए के हमले का बहादुरी से सामना कर अपनी जान बचाई। वह अपनी गुमशुदा भैंस की तलाश में जंगल गए थे, तभी उन पर तेंदुए ने हमला कर दिया। संघर्ष के बाद तेंदुआ भाग निकला, जबकि घायल बुजुर्ग को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
तेंदुए का कान पकडक़र डंडे से किया बचाव
जंगल में घात लगाकर बैठे तेंदुए ने अर्जुन पिता हरभजन सिंह 85 वर्ष अर्जुन सिंह की गर्दन पर हमला करने का प्रयास किया। बुजुर्ग ने बताया कि इस दौरान उन्होंने तेंदुए का कान कसकर पकड़ लिया और हाथ में लिए डंडे से उस पर ताबड़तोड़ प्रहार शुरू कर दिए। करीब 5 मिनट तक चले इस सीधे मुकाबले के बाद तेंदुआ उनके हाथ पर पंजा मारकर जंगल की ओर भाग गया।
लहूलुहान हालत में गांव पहुंचे अर्जुन सिंह
तेंदुए के भागने के बाद घायल अर्जुन सिंह किसी तरह गांव पहुंचे और परिजनों को आपबीती सुनाई। सूचना मिलते ही वनरक्षक रवि कुमार सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायल को पवई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। गहरे जख्मों के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल पन्ना रेफर कर दिया गया है।
वन विभाग देगा नियमानुसार आर्थिक सहायता
वनरक्षक रवि कुमार सिंह ने बताया कि विभाग द्वारा घायल बुजुर्ग के इलाज की समुचित व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने कहा कि पीड़ित को नियमानुसार मिलने वाली आर्थिक सहायता और मुआवजा प्रदान किया जाएगा। फिलहाल बुजुर्ग की हालत स्थिर है और वन विभाग की टीम क्षेत्र में तेंदुए की निगरानी कर रही है।







