कटनी

यशभारत ब्रेकिंग : केन-बेतवा लिंक परियोजना के विस्थापित आदिवासी से रिश्वत लेते पटवारी गिरफ्तार, 47 हजार रुपए लेते लोकायुक्त ने दबोचा

कटनी, यशभारत। केन-बेतवा लिंक परियोजना के तहत विस्थापित हुए आदिवासी परिवार से रिश्वत मांगना एक पटवारी को महंगा पड़ गया। सागर लोकायुक्त पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पटवारी संतोष चिकवा को 47 हजार रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। कार्रवाई पन्ना जिला चिकित्सालय के सामने की गई, जिसके बाद आरोपी पटवारी को पन्ना कोतवाली लाया गया, जहां मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
जानकारी के मुताबिक केन-बेतवा लिंक परियोजना से विस्थापित गहदरा गांव के रहने वाले और वर्तमान में खजूरी कुडार में निवासरत दयाराम आदिवासी, पिता मुन्नीलाल आदिवासी, उम्र 32 वर्ष ने करीब पांच दिन पहले सागर लोकायुक्त में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि उसके परिवार के चार सदस्यों के खातों में विस्थापन की 63-63 हजार रुपए की अतिरिक्त राशि आनी थी।
बताया गया कि परिवार की बुजुर्ग सदस्य रतिया बाई पति मुन्नीबाई का निधन हो चुका था। मृत्यु प्रमाण-पत्र के लिए पटवारी प्रतिवेदन की आवश्यकता थी। इसी प्रक्रिया के एवज में पटवारी द्वारा कथित तौर पर 80 हजार रुपए की रिश्वत मांगी गई। शिकायतकर्ता के अनुसार, पहली किस्त के रूप में 18 अगस्त को 30 हजार रुपए भी दिए जा चुके थे। इसके बाद शेष राशि के लिए लगातार दबाव बनाया जा रहा था।
शिकायत का सत्यापन करने के बाद लोकायुक्त पुलिस ने ट्रैप की कार्रवाई की। योजना के तहत शिकायतकर्ता को 47 हजार रुपए लेकर जिला चिकित्सालय के सामने भेजा गया। जैसे ही पटवारी ने रकम ली, पहले से मौजूद लोकायुक्त टीम ने उसे मौके पर पकड़ लिया।
डीएसपी लोकायुक्त सागर कमल उईके ने बताया कि शिकायत का सत्यापन करने के बाद मामला सही पाए जाने पर यह कार्रवाई की गई है। पटवारी को 47 हजार रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया गया है और प्रकरण में वैधानिक कार्रवाई जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button