कटनीमध्य प्रदेश

ब्रेक फेल होने से 300 मीटर पीछे खिसकी मालगाड़ी, कटनी-सिंगरौली रेलखंड पर टला बड़ा हादसा, मामले की जांच शुरू

कटनी, यशभारत। कटनी-सिंगरौली रेलखंड पर एक बड़ा रेल हादसा टल गया। सिंगरौली से एनकेजे कटनी आ रही कोयला लदी मालगाड़ी मड़वास ग्राम स्टेशन के पास अचानक ब्रेक फेल होने से अनियंत्रित हो गई। ढलान होने के कारण मालगाड़ी करीब 300 मीटर पीछे की ओर लुढक़ गई, जिससे हडक़ंप की स्थिति निर्मित हो गई। इस संबंध में रेल सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार मालगाड़ी को चालक द्वारा मड़वासग्राम स्टेशन पर रोका गया था लेकिन कुछ ही देर बाद ढलान के कारण ट्रेन अचानक पीछे की ओर खिसकने लगी। मालगाड़ी में कुल 56 वैगन लगे हुए थे। ब्रेक फेल होते ही चालक और गार्ड ने सूझबूझ दिखाते हुए बार-बार ब्रेक लगाए। इसके साथ ही ट्रैक पर गिट्टी रखकर गाड़ी को रोकने का प्रयास किया गया, जिससे संभावित डिरेलमेंट टल गया, हालांकि इस दौरान रेल लाइन का प्वाइंट टूट गयाए जिससे रेलवे को नुकसान पहुंचा है। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारियों में हडक़ंप मच गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए जबलपुर रेल मंडल द्वारा कनिष्ठ प्रशासनिक वर्ग के अधिकारियों की जांच कमेटी गठित कर दी गई है। सूचना मिलते ही सीनियर डीएसओ अमित साहनी और सीनियर डीओएम अजय शुक्ला सडक़ मार्ग से मड़वासग्राम पहुंचे और मौके पर जांच शुरू की। बताया गया है कि संबंधित इंजन संख्या 27192 खडग़पुर शेड के ब्रेक सिस्टम की विशेष जांच की जाएगी। इसके साथ ही मालगाड़ी के सभी वैगनों और इंजन को एनकेजे कटनी में खड़ा कराकर उनकी गहन तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस घटना से रेल प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button