जबलपुरमध्य प्रदेश

गर्मी में मेडिकल कॉलेज के वार्ड बेहाल, कूलर-पंखे बंद होने से मरीज परेशान

व्यवस्थाओं पर उठे सवाल, परिजनों और कर्मचारियों में नाराजगी

जबलपुर, यशभारत। संभाग के सबसे बड़े नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इन दिनों भीषण गर्मी के बीच मरीजों और उनके परिजनों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अस्पताल के विभिन्न वार्डों में लगे कूलर और पंखे लंबे समय से बंद पड़े हैं, जिससे भर्ती मरीज उमस और तेज गर्मी में बेहाल हैं। गर्म हवाओं और बंद पड़े शीतलन उपकरणों के कारण वार्डों का माहौल असहनीय बना हुआ है।

मरीजों के परिजनों का कहना है कि दिन के समय वार्डों में बैठना तक मुश्किल हो रहा है। गर्मी के कारण मरीजों की हालत और बिगड़ने का डर बना हुआ है, जबकि उनके साथ मौजूद परिजन भी रात-दिन परेशान हो रहे हैं। अस्पताल में भर्ती कई मरीज गंभीर बीमारियों से जूझ रहे हैं, ऐसे में वार्डों में कूलर और पंखों का बंद होना उनकी सेहत पर प्रतिकूल असर डाल सकता है। केवल मरीज और परिजन ही नहीं, बल्कि अस्पताल के कर्मचारी भी इस समस्या से जूझ रहे हैं। वार्डों और ड्यूटी क्षेत्रों में गर्मी के कारण कर्मचारियों को काम करने में कठिनाई हो रही है। कर्मचारियों का कहना है कि कई बार संबंधित विभाग और प्रबंधन को इस समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।

परिजनों ने आरोप लगाया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद मेडिकल कॉलेज प्रबंधन द्वारा समस्या को गंभीरता से नहीं लिया गया। गर्मी के मौसम में ऐसी लापरवाही से लोगों में खासा रोष है। उनका कहना है कि अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थान पर बुनियादी सुविधाओं का अभाव बेहद चिंताजनक है।

संभाग के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल में इस तरह की अव्यवस्था ने व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। परिजनों ने मांग की है कि जल्द से जल्द वार्डों में बंद पड़े कूलर और पंखों को दुरुस्त कराया जाए, ताकि मरीजों को राहत मिल सके और उनकी सेहत पर विपरीत असर न पड़े।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button