पहचान छिपाकर छात्रा से डेढ़ साल तक दरिंदगी, अब निकाह और धर्म परिवर्तन का दबाव

पहचान छिपाकर छात्रा से डेढ़ साल तक दरिंदगी, अब निकाह और धर्म परिवर्तन का दबाव
भोपाल, यशभारत। राजधानी के अशोका गार्डन इलाके में सनसनीखेज धोखाधड़ी और यौन शोषण का मामला सामने आया है। एक प्राइवेट यूनिवर्सिटी की छात्रा ने बिहार के रहने वाले युवक आसिफ रज़ा पर आरोप लगाया है कि उसने आशीष पांडे बनकर पहले उससे दोस्ती की, फिर शादी का झांसा देकर डेढ़ साल तक उसका शारीरिक शोषण किया। पीड़िता का आरोप है कि जब वह गर्भवती हुई, तो आरोपी ने असलियत उजागर करते हुए उस पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाना शुरू कर दिया।
पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि इस पूरे घटनाक्रम में आसिफ के दो अन्य दोस्त भी शामिल थे। वे उसे लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे। जब छात्रा ने गर्भपात कराने से मना किया, तो आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी। आरोपी ने साफ कह दिया कि यदि उसे साथ रहना है, तो उसे अपना धर्म बदलना होगा।
हैरानी की बात यह है कि पीड़िता ने करीब एक महीने पहले महिला थाने में प्राथमिकी एफआईआर दर्ज कराई थी, लेकिन अब तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। सोमवार को पीड़िता ने मीडिया के सामने आकर अपनी आपबीती सुनाई और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।
इनका कहना है
आरोपी ने खुद को हिंदू बताकर मुझे प्रेम जाल में फंसाया। जब सच्चाई सामने आई और मैंने विरोध किया, तो मुझे और मेरे परिवार को धमकियां दी जा रही हैं। मैं सिर्फ इंसाफ चाहती हूँ।
पीड़िता







