कटनी

ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा : पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई, 8 लोगों को मोबाइल पर क्रिकेट सट्टा खेलते पकड़ा,vपूछताछ के बाद बड़े नेटवर्क का होगा खुलासा

कटनी, यशभारत। ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे के लिए बदनाम हो चुके कटनी और माधवनगर क्षेत्र में बीती रात पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई की। इस दौरान आधा दर्जन से अधिक लोगों को मोबाइल पर ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा खेलते हुए पकड़ा गया। पकड़े गए लोग सट्टा खेल रहे थे, अब इनसे पूछताछ की जा रही है। जिससे सट्टे का नेटवर्क का खुलासा हो सके। नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया के मार्गदर्शन में कोतवाली एवं माधवनगर पुलिस ने देर रात शहर के अलग-अलग इलाकों में छापेमारी की। इस दौरान आईपीएल सट्टा संचालित कर रहे 8 आरोपियों को दबोचा गया है। इस कार्रवाई में ऑनलाइन आईडी सिल्वर एक्सचेंज के जरिए करोड़ों के दांव लगाने वाले सिंडिकेट का पर्दाफाश हुआ है। नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया ने बताया कि आईपीएल शुरू होने के बाद से ही पुलिस की नजर सटोरियों पर थी। इसके लिए मुखबिरों की भी सक्रिय किया गया था। सूचना मिलने के बाद कोतवाली एवं माधवनगर पुलिस के साथ कई जगहों पर दबिश दी गई। पुलिस ने नई बस्ती में बजाज पैथोलॉजी के पास पंकज उर्फ हेमंत खटीक को मोबाइल पर सट्टा खेलते हुए रंगे हाथों पकड़ा। पूछताछ में विजय उर्फ लल्लू नागवानी और राहुल छावड़ा के भी इस कारोबार से जुड़े होने की पुष्टि हुई। इसी तरह संत नगर संतोषी माता मंदिर के पास से पुलिस ने विक्की पुरुषवानी को गिरफ्तार किया। आरोपी के मोबाइल की जांच करने पर सिल्वर एक्सचेंज आईडी ओपन मिली, जिसके माध्यम से वह ग्राहकों को सट्टा खिलवा रहा था। इसमें पिंका उर्फ रविंद्र आडवाणी और समीर गंगवानी उर्फ डेविड की संलिप्तता भी सामने आई है।
बस स्टैंड और सर्कस मैदान के पास कार्रवाई
कोतवाली टीआई राखी पांडे ने बताया कि बस स्टैंड और सर्कस मैदान के बाद भी कार्रवाई की गई। बस स्टैंड गैस गोदाम के पास आजाद अहमद को पकड़ा गया, जो मोबाइल पर आरसीबी बनाम सीएसके के मैच पर सट्टा की बुकिंग कर रहा था। आरोपी के पास से 200 रूपए नगद और मोबाइल जब्त किया गया। इसी तरह सर्कस मैदान से साजिद अली को पकड़ा गया, जिसके पास से आईपीएल सट्टे के हिसाब-किताब के साथ 150 रूपए और मोबाइल बरामद हुआ। इसी तरह पुलिस ने एलआईसी ऑफिस के पीछे दबिश देकर राम निषाद निवासी नई बस्ती को गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से मोबाइल और सट्टे के स्क्रीनशॉट की कॉपियां सहित 1200 रूपए नगद जब्त किए गए। जांच में पता चला कि वह माधवनगर के राहुल छावड़ा के साथ मिलकर सट्टा खिला रहा था। शंभू टॉकीज के पास विजय मूलचंदानी को मोबाइल के साथ आईपीएल पर हार-जीत का दांव लगाते पकड़ा गया। कोतवाली पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध 4 पब्लिक गैंबलिंग एक्ट सट्टा एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की धारा 49 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया है।
बुकी की ओर से दी जाती है आईडी
पुलिस की छानबीन में सामने आया कि सट्टेबाजी का नेटवर्क हर साल तगड़ा होता जा रहा है। बुकी की ओर से अब सट्टेबाजी में शामिल लोगों को आईडी दी जाती है, जिसकी कीमत पहले से तय होती है, जैसे मोबाइल प्रीपेड या स्मार्ट मीटर का रिचार्ज तय होता है, उसी तरीके से तय शुल्क में मैच पर भाव लगा और खा सकते हैं। आईडी में जमा पैसे के बाद आप कोई भी दांव नहीं लगा सकते, जब तक उसे दोबारा बुकी को पैसा देकर रिचार्ज न करा लें। इसके अलावा पुराने सटोरियों को ध्यान में रख कर पेन-कागज पर भी दांव लिखा जाता है। मल्टीमीडिया मोबाइल की जगह की-पैड वाले मोबाइलों का उपयोग किया जाता है। युवाओं के अलावा रोजाना कमाने वाले सट्टेबाजी में शामिल हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button