सेज यूनिवर्सिटी में पुलिस आयुक्त ने किया जनसंवाद

सेज यूनिवर्सिटी में पुलिस आयुक्त ने किया जनसंवाद
– छात्र बोले कैंपस में एक भी सीसीटीवी नहीं
भोपाल, यश भारत। कटारा हिल्स स्थित सेज यूनिवर्सिटी कैंपस में पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने विद्यार्थियों के साथ सीधा जनसंवाद किया। इस दौरान कैंपस की सुरक्षा और छात्रों के बीच बढ़ते नशे के चलन को लेकर गंभीर चिंता जताई गई। सीपी ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए तकनीकी और सामाजिक दोनों स्तरों पर बदलाव की जरूरत है।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल
संवाद के दौरान यह चौंकाने वाला तथ्य सामने आया कि यूनिवर्सिटी कैंपस में एक भी सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा है। सीपी ने इसे सुरक्षा के लिहाज से बड़ी लापरवाही बताते हुए प्रबंधन को तत्काल कैमरे लगवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस पेट्रोलिंग अपनी जगह है, लेकिन कैमरों की निगरानी से अपराधियों में डर बना रहता है और अप्रिय घटनाओं को रोकने में मदद मिलती है।
छात्रों के बीच नशा बना चिंता का विषय
कैंपस के कुछ छात्रों द्वारा गांजा और ब्राउन शुगर जैसे घातक मादक पदार्थों के सेवन की बात सामने आने पर सीपी ने कड़ी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे नशे के जाल से बचें और यदि कैंपस या आसपास कोई भी अवैध मादक पदार्थ या हथियार से संबंधित गतिविधि दिखे, तो तुरंत डायल 112 पर सूचना दें।
नाम रखा जाएगा गोपनीय:
पुलिस कमिश्नर ने छात्रों को आश्वस्त किया कि अवैध गतिविधियों की जानकारी देने वाले व्यक्ति का नाम पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा, ताकि वे बिना किसी डर के पुलिस का सहयोग कर सकें।







