कल रक्षाबंधन, बाजारों में भीड़ के नजारे, देर रात तक चलेगा खरीदारी का सिलसिला, महंगाई के बावजूद पर्व को लेकर उत्साह

कटनी, यशभारत। भाई और बहन के पवित्र रिश्ते का प्रतीक पर्व रक्षाबंधन कल 28 अगस्त को उमंग और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। पर्व को लेकर आज बाजार में दिन भर खरीददारी का सिलसिला चलता रहा। यह सिलसिला देर रात तक चलता रहेगा। रक्षाबंधन के दसरे दिन भारतीय संस्कृति का प्रमुख पर्व कजलियां मनाया जाएगा। इस अवसर पर लल्लू भैया की तलैया और गाटरघाट में परंपरानुसार मेले का आयोजन किया जा रहा है। वैसे तो सावन का महीना शुरू होते ही बाजार में चहल-पहल बढ़ जाती है। त्यौहार नजदीक आते ही बाजार श्रृंगार सामग्री से लेकर साडिय़ां, कपड़े, मेहंदी, रूमालों से सज जाता है और रौनक बढऩे लगती हैं। बाजार में राखियों की दुकानें सजी हैं, जहां हर वर्ग के लिए राखियों की वैरायटी उपलब्ध हैं, जो लोगों को लुभा रही है। पर्व के मौके पर शहर के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में भी राखी की दुकानों में भीड़ देखी गई। रंग बिरंगी राखियों और रुमाल से सजे बाजार में फैशन से सराबोर एक से एक डिजाइन की राखियो की जमकर खरीदी हो रही हैं। पिछले एक सप्ताह से बाजार में ठेलों, फुटपाथ व दुकानों पर बिक्री के लिए विभिन्न प्रकार की रुमाल और राखियां सजी हुई है। इन दुकानों में 10 रुपये से लेकर 200 रुपये और कहीं-कहीं पर इससे भी ज्यादा कीमत की राखियां उपलब्ध हैं, वहीं कई वेरायटी के रुमाल भी 15 रुपये से लेकर 100 रुपये तक बाजार में उपलब्ध हैं।
नई डिजाइन में चांदी की आकर्षक राखियां
सराफा बाजार के अलावा शहर के विभिन्न स्थलों में आभूषण विक्रेताओं के यहां नई डिजाइन में चांदी की आकर्षक राखियां उपलब्ध हैं। इसी तरह मेंहदी और सौंदर्य प्रसाधन की सामग्री की दुकानों पर भी महिलाएं और युवतियां खरीददारी करने में लगी हुई है। रक्षाबंधन नजदीक आने के साथ ही महिलाओं ने राखियां खरीदने में तेजी दिखाई है। हालांकि अधिकांश हिस्सों में राखियों की अस्थाई दुकानें दस दिन पहले ही सज गई थी। इन दुकानों में ज्यादातर राखियों की खरीदारी उन्हीं महिलाओं के द्वारा की गई, जो अपने से दूर रह रहे भाईयों को डाक द्वारा भेजी जानी थी। लेकिन जैसे ही रक्षाबंधन नजदीक आया राखियों और रूमालों सहित मिठाइयों की बिक्री में तेजी आ गई।







