सिवनी यश भारत:-सिवनी जिले के बरघाट नगर में शनिवार रात एक सराफा व्यवसायी के साथ फिल्मी अंदाज में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। बस स्टैंड क्षेत्र स्थित दुकान के बाहर खड़ी कार से अज्ञात बदमाश जेवरात से भरे दो बैग पार कर फरार हो गए। घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सराफा व्यवसायी दिलीप महाजन शनिवार रात अपनी दुकान बंद करने की तैयारी कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने जेवरात से भरे दो बैग अपनी कार में रखे और दुकान का ताला लगाने के लिए वापस चले गए। इसी बीच पहले से घात लगाए खड़े दो युवकों ने मौके का फायदा उठाया। सीसीटीवी फुटेज में देखा गया कि एक युवक, जिसने सफेद शर्ट पहन रखी थी, कार के पास पहुंचा और दरवाजा खोलकर दोनों बैग निकाल लिए। इसके बाद वह सामान्य ढंग से पैदल आगे बढ़ गया और कुछ दूरी पर अपने साथी के साथ बाइक पर सवार होकर बालाघाट की ओर फरार हो गया।
पीड़ित दिलीप महाजन के अनुसार, बैग में करीब 25 किलो चांदी, 30 तोला सोना और लगभग 2 से 3 लाख रुपये नगद रखे हुए थे। बताया जा रहा है कि उनकी सराफा दुकान 7-8 माह पहले ही शुरू हुई थी। वे मूलतः किसान हैं और पूर्व में चाय-पान का व्यवसाय करते थे।
घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू किया। पुलिस को दो पेट्रोल पंपों के कैमरों में भी संदिग्धों की गतिविधियां कैद होने के सुराग मिले हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा और एसडीओपी भी घटनास्थल पहुंचे। थाना प्रभारी मोहनीश बेस ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा करने का दावा पुलिस द्वारा किया जा रहा है।
Back to top button