पुलिस आयुक्त ने किया जनसंवाद: जाट खेड़ी में नागरिकों को सुरक्षा के प्रति किया जागरूक

पुलिस आयुक्त ने किया जनसंवाद: जाट खेड़ी में नागरिकों को सुरक्षा के प्रति किया जागरूक
हुड़दंगियों और सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों के विरुद्ध होगी सख्त कार्रवाई
भोपाल, यशभारत। राजधानी में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने और पुलिस व जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से पुलिस आयुक्त संजय कुमार ने मिसरोद थाना क्षेत्र के जाट खेड़ी में स्थानीय नागरिकों के साथ विशेष जनसंवाद किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और नागरिकों की समस्याओं को प्रत्यक्ष रूप से सुना।
असामाजिक तत्वों पर जताई चिंता
चर्चा के दौरान स्थानीय निवासियों ने कॉलोनियों और खुले मैदानों में असामाजिक तत्वों के जमावड़े, सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन और रात के समय होने वाले हुड़दंग की समस्या प्रमुखता से उठाई। पुलिस आयुक्त ने इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए आश्वासन दिया कि गश्त बढ़ाई जाएगी और शांति भंग करने वालों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
आयुक्त संजय कुमार ने सुरक्षा जागरूकता पर जोर देते हुए कहा कि अपराध मुक्त समाज के लिए नागरिकों की सक्रिय भागीदारी अनिवार्य है। उन्होंने उपस्थित लोगों से अपील की कि कॉलोनियों में संदिग्ध व्यक्तियों की आवाजाही पर कड़ी नजर रखें। हुड़दंग या अवैध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान गुप्त रखी जाएगी।
विश्वास बहाली की कोशिश
बैठक का मुख्य उद्देश्य नागरिकों के मन से पुलिस का डर निकालकर विश्वास पैदा करना था। आयुक्त ने कहा कि पुलिस आपकी मित्र है और आपकी सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर है। उन्होंने थाना स्तर पर भी बीट अधिकारियों को जनता के साथ नियमित संपर्क बनाए रखने के निर्देश दिए।






