बीजापुर में सुरक्षाबलों का बड़ा ऑपरेशन: मुठभेड़ में 5 नक्सली ढेर, 214 ठिकाने और बंकर ध्वस्त
भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद

बीजापुर,एजेंसी। बीजापुर जिले के घने जंगलों में सुरक्षाबलों द्वारा चलाए जा रहे नक्सल विरोधी अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच हुई भीषण मुठभेड़ में पांच नक्सली मारे गए हैं। यह मुठभेड़ उस समय शुरू हुई जब जंगल क्षेत्र में तलाशी अभियान चला रहे जवानों पर नक्सलियों ने अचानक घात लगाकर हमला कर दिया।
बताया जा रहा है कि सुरक्षाबलों को पहले से ही इलाके में नक्सलियों की गतिविधियों की पुख्ता खुफिया सूचना मिली थी। इसी के आधार पर जवानों ने संयुक्त रूप से सर्च ऑपरेशन शुरू किया था। तलाशी के दौरान नक्सलियों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में जवानों ने भी मोर्चा संभालते हुए रणनीतिक तरीके से जवाबी कार्रवाई की। दोनों ओर से चली गोलीबारी के बीच सुरक्षाबलों ने पांच नक्सलियों को मार गिराया।
मुठभेड़ के बाद पूरे इलाके में सघन तलाशी अभियान चलाया गया। इस दौरान नक्सलियों द्वारा बनाए गए 214 ठिकानों और बंकरों को ध्वस्त कर दिया गया। सुरक्षाबलों ने मौके से भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री, दैनिक उपयोग की वस्तुएं तथा नक्सली गतिविधियों से संबंधित अन्य सामान भी बरामद किया है। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि बरामद विस्फोटकों का इस्तेमाल बड़ी वारदातों को अंजाम देने के लिए किया जा सकता था।
पिछले चार दिनों से जारी इस विशेष अभियान में सुरक्षाबलों ने नक्सलियों के नेटवर्क को गंभीर क्षति पहुंचाई है। लगातार हो रही कार्रवाई के चलते नक्सलियों की गतिविधियों पर अंकुश लगाने में मदद मिल रही है। अधिकारियों के अनुसार, इस ऑपरेशन से क्षेत्र में शांति और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने में अहम योगदान मिलेगा।
सुरक्षाबलों का नक्सल विरोधी अभियान फिलहाल जारी है और जंगलों में तलाशी अभियान को और तेज कर दिया गया है, ताकि क्षेत्र को नक्सल मुक्त बनाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जा सकें।







