बड़ी खबर : हिरासत में पूछताछ के दौरान बिगड़ी आदिवासी बुजुर्ग की तबीयत, अस्पताल में तोड़ा दम, वन विभाग की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

कटनी, यशभारत। जिले के सिमरिया वन परिक्षेत्र से एक बेहद दुखद और संवेदनशील मामला सामने आया है। यहां वन्यजीव शिकार के संदेह में पूछताछ के लिए लाए गए 65 वर्षीय एक आदिवासी बुजुर्ग फूलचंद कोल की तबीयत बिगड़ गई और अस्पताल में उनकी मौत हो गई है। इस घटना के बाद से वन विभाग की कार्यप्रणाली और हिरासत में लिए गए व्यक्ति की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। जानकारी के अनुसार सिमरिया वन परिक्षेत्र के ग्राम सेमरा निवासी फूलचंद कोल 65 वर्ष को बुधवार को वन विभाग की टीम ने हिरासत में लिया था। अधिकारियों को संदेह था कि वे किसी शिकार की घटना में शामिल थे। इसी आधार पर उन्हें पूछताछ के लिए सिमरिया रेंज कार्यालय लाया गया था। परिजनों और प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक रेंज कार्यालय में पूछताछ के दौरान फूलचंद की तबीयत अचानक खराब हो गई। उनकी हालत बिगड़ती देख वन विभाग के कर्मचारी उन्हें आनन-फानन में देर शाम जिला अस्पताल ले गए। बताया जा रहा है कि अस्पताल पहुंचते समय उनकी स्थिति बेहद नाजुक थी।
डॉक्टरों का बयान : ब्लड प्रेशर 200 के पार था
जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया कि जब बुजुर्ग को इलाज के लिए लाया गयाए तब उनका ब्लड प्रेशर 200 से अधिक था, जो कि एक जानलेवा स्तर माना जाता है। डॉक्टरों ने तत्काल प्राथमिक उपचार शुरू किया, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद कुछ ही घंटों के भीतर फूलचंद कोल ने दम तोड़ दिया।
वन विभाग की सफाई
इस मामले पर सिमरिया के रेंज अधिकारी कार्तिकेय भट्ट ने कहा कि बुजुर्ग को केवल पूछताछ के लिए लाया गया था। उन्होंने बताया कि विभाग को ऐसी जानकारी मिली है कि बुजुर्ग पहले से ही किसी गंभीर बीमारी से ग्रसित थे और पूछताछ के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल भेजा गया।







