निगमायुक्त ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों का किया निरीक्षण, सफाई व्यवस्था की सराहना
नागरिकों और सफाई संरक्षकों से किया संवाद

जबलपुर,यशभारत। निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने रविवार सुबह गौरीघाट से शहर के विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने छोटी लाइन, तीन पत्ती, मालवीय चौक, बड़ा फुहारा, हनुमानताल, घमापुर, खेरमाई, तुलाराम चौक, करमचंद चौक और खजांची चौक का दौरा कर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान नगर निगम के अधिकारी एवं स्वास्थ्य अमला मौजूद रहा।
निरीक्षण के दौरान बेहतर सफाई व्यवस्था पर निगमायुक्त ने अधिकारियों और सफाई कर्मचारियों की सराहना की। उन्होंने स्थानीय व्यापारियों, नागरिकों और सफाई संरक्षकों से संवाद कर कचरा उठाव एवं नगर निगम की सेवाओं के संबंध में फीडबैक भी लिया। नागरिकों से डस्टबिन का उपयोग करने और सड़कों पर कचरा नहीं फेंकने की अपील की गई।

निगमायुक्त ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले एक सफाई कर्मचारी को पुष्पहार पहनाकर सम्मानित किया। उन्होंने अधिकारियों को मुख्य बाजारों और चौराहों पर दो पालियों में कचरा उठाव सुनिश्चित करने तथा स्ट्रीट लाइटों की नियमित जांच कर खराब लाइटों को तत्काल सुधारने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान फुहारा क्षेत्र में पूर्व पार्षद एवं एमआईसी सदस्य मुकेश राठौर ने निगमायुक्त का स्वागत किया।







