मध्य प्रदेशराज्य

नृशंस हत्याकांड : दोस्त पिकअप और पन्ना का “खूनी कनेक्शन”, 5 संदिग्ध हिरासत में …पिटाई और घसीटे जाने के निशान, डॉग स्क्वाड व साइबर टीम ने जुटाए साक्ष्य

सतना यश भारत । नागौद थाना क्षेत्र के सेमरवारा गांव के पास सड़क किनारे मिले 25 वर्षीय राजा यादव के शव के मामले में पुलिस जांच तेजी से आगे बढ़ रही है। पुलिस ने पूछताछ के लिए पांच संदिग्धों को हिरासत में लिया है। वारदात में इस्तेमाल होने की आशंका वाले पिकअप वाहन को पन्ना जिले के गुनौर क्षेत्र से बरामद किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस संदिग्धों से घटना को लेकर लगातार पूछताछ कर रही है।

दोस्त के साथ बाइक से निकला था राजा

पुलिस जांच के मुताबिक सलैया निवासी राजा यादव शुक्रवार रात अपने परिचित रवि पाल के साथ बाइक से निकला था। बताया गया है कि रवि उसे किसी काम के सिलसिले में अपने साथ लेकर गया था। देर रात रवि ने राजा के बड़े भाई को फोन कर बताया कि नागौद से आगे जाने के बाद उसने राजा को एक पिकअप वाहन में बैठा दिया था।

 

रवि के अनुसार, मड़वा-दुर्गापुर के आसपास कुछ लोगों ने पिकअप को रोककर राजा के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद वह बाइक लेकर वहां से निकल गया। रवि से पूछताछ के बाद पुलिस ने मामले में पांच संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है।

दो स्थानों से जुटाए गए साक्ष्य

घटना की गंभीरता को देखते हुए एडिशनल एसपी ग्रामीण प्रेमलाल कुर्वे और वरिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी डॉ. महेंद्र सिंह की मौजूदगी में पुलिस की विभिन्न टीमों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फिंगर प्रिंट विशेषज्ञ, डॉग स्क्वाड और साइबर टीम ने मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए।

 

पुलिस ने उस स्थान का भी निरीक्षण किया, जहां राजा के साथ मारपीट किए जाने की आशंका है। इसके अलावा सेमरवारा के पास जहां शव मिला, वहां से भी वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य एकत्र किए गए हैं।

शरीर पर मिले गंभीर चोटों के निशान

राजा के शरीर पर मारपीट और घसीटे जाने के गंभीर निशान पाए गए हैं। प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि हत्या के बाद शव को किसी दूसरे स्थान पर ले जाकर फेंका गया। इसके बाद आरोपी पन्ना की ओर चले गए होंगे। हालांकि हत्या के पीछे की वास्तविक वजह अभी सामने नहीं आई है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

सुबह झाड़ियों में मिला था शव

राजा यादव शुक्रवार रात घर से निकलने के बाद वापस नहीं लौटा। शनिवार सुबह करीब 9 बजे सेमरवारा गांव के बाहर खेत की ओर जा रहे मजदूरों ने सड़क किनारे झाड़ियों में एक युवक का शव पड़ा देखा। सूचना मिलने पर डायल-112 के माध्यम से पुलिस को जानकारी दी गई।

 

पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव की पहचान के लिए परिजनों को बुलाया। शिनाख्त राजा यादव के रूप में होने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

इस हत्याकांड की एक विशेष स्थिति यह है कि मामले में नागौद थाने में जीरो पर प्रकरण दर्ज किया गया है, जबकि आगे की विवेचना सिंहपुर थाना पुलिस कर रही है। पुलिस के अनुसार, राजा के साथ वारदात सिंहपुर थाना क्षेत्र में होने की आशंका है, जबकि उसका शव नागौद थाना क्षेत्र के सेमरवारा के पास लाकर फेंका गया था।

 

फिलहाल पुलिस हिरासत में लिए गए संदिग्धों से पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर हत्या की पूरी कड़ी जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button