भोपालमध्य प्रदेश

ओरछा की भित्ति चित्रकला को मिली नई पहचान, ओरछा कलम पुस्तक का विमोचन

ओरछा की भित्ति चित्रकला को मिली नई पहचान, ओरछा कलम पुस्तक का विमोचन

प्रशासनिक व्यस्तताओं के बीच डॉ. विश्वपति त्रिवेदी और मोना त्रिवेदी ने संजोई विरासत

भोपाल साहित्य महोत्सव में हुआ गरिमामयी आयोजन

भोपाल,यशभारत। मध्य प्रदेश की ऐतिहासिक नगरी ओरछा की दीवारों पर उकेरी गई अनमोल कला अब केवल यादों और खंडहरों तक सीमित नहीं रहेगी। भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के सेवानिवृत्त अधिकारी डॉ. विश्वपति त्रिवेदी और इतिहासकार मोना त्रिवेदी के 40 वर्षों के शोध का निचोड़ ओरछा कलम के रूप में सामने आया है। सोमवार को भोपाल साहित्य महोत्सव के दौरान इस महत्वपूर्ण शोधपरक पुस्तक का विमोचन किया गया।

1980 के दशक के दुर्लभ चित्र हैं पूंजी पुस्तक की सबसे बड़ी विशेषता इसका प्रामाणिक फोटोग्राफिक रिकॉर्ड है। लेखकों ने 1980 के दशक में, जब वे मध्य प्रदेश में पदस्थ थे, तब ‘कोडक कलर फिल्म’ के माध्यम से इन चित्रों का दस्तावेजीकरण किया था। आज इनमें से कई चित्र समय की मार और मानवीय उपेक्षा के कारण नष्ट हो चुके हैं, ऐसे में यह पुस्तक उन चित्रों का एकमात्र जीवित साक्ष्य है।
अधिकारी की संवेदनशीलता से शुरू हुआ सफर डॉ. त्रिवेदी जब 1979 में शुजालपुर के एसडीएम थे, तब ओरछा प्रवास के दौरान उन्होंने इन भित्ति चित्रों की दयनीय स्थिति देखी। लोगों द्वारा चित्रों पर नाम लिखने और उन्हें खुरचने से व्यथित होकर उन्होंने इनके संरक्षण का बीड़ा उठाया। मोना त्रिवेदी ने इस विषय पर गहरा शोध किया, जो आगे चलकर लखनऊ विश्वविद्यालय और अंतरराष्ट्रीय संस्थानों जैसे ‘स्मिथसोनियन’ तक पहुँचा।

क्यों खास है ओरछा कलम?
लेखकों ने अपने गहन विश्लेषण से यह सिद्ध किया है कि ओरछा की चित्रकला शैली भारतीय कला इतिहास में एक स्वतंत्र स्थान रखती है। उन्होंने इसे ‘ओरछा कलम’ का नाम दिया है। यह पुस्तक न केवल कला के नमूनों को दिखाती है, बल्कि उनके पीछे छिपे इतिहास और तकनीक की भी व्याख्या करती है।

गरिमामयी उपस्थिति विमोचन समारोह में पूर्व केंद्रीय मंत्री के. जे. अल्फोंस, सेवानिवृत्त आईआईएस अधिकारी राघवचंद्रा और आईएनटीएसी (INTACH) के भोपाल चैप्टर के संयोजक एम. एम. उपाध्याय सहित शहर के प्रबुद्ध नागरिक और कला प्रेमी मौजूद रहे। वक्ताओं ने कहा कि यह कार्य आने वाली पीढ़ियों के लिए एक मार्गदर्शक दस्तावेज साबित होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button