पेवर ब्लॉक इंटरलॉकिंग कार्य बंद होने से भडके कांग्रेसी पार्षद
कार्य शुरू न होने पर धरने की चेतावनी

जबलपुर,यशभारत। मालवीय चौक से पेवर ब्लॉक इंटरलॉकिंग कार्य बंद होने से कांग्रेसी पार्षदों का गुस्सा भडक गया है। दरअसल नेशनल क्लीन एयर प्रोग्राम के तहत मालवीय चौक से गंजीपुरा मोड़ तक सड़क के दोनों तरफ पेवर ब्लॉक इंटरलॉकिंग का काम स्वीकृत हुआ था और शुरूआती दिनों में बेहतर ढंग से कार्य चला लेकिन अचानक कार्य रोक दिया गया। इस पर कांग्रेस पार्षद अयोध्या तिवारी ने आरोप लगाया कि एक सप्ताह से राजनीतिक दुर्भावना के चलते कार्य रोक दिया गया है।
इसको लेकर कांग्रेस पार्षदों ने निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार से मुलाकात की। उन्होंने निगमायुक्त को बताया कि शुरू में दो दिन काम ठीक चला, फिर अचानक बंद कर दिया गया। उनका आरोप है कि काम को इसलिए रोका जा रहा है क्योंकि इसे कांग्रेस पार्षद ने स्वीकृत कराया है। पार्षदों ने जल्द काम शुरू न होने पर धरना प्रदर्शन की चेतावनी दी। वहीं इस मामले में निगमायुक्त ने संबंधित अधिकारियों से चर्चा के बाद उचित कार्यवाही का आश्वासन दिया।







