डिप्टी कलेक्टर के बंगले में चोरों ने लगाई सेंध

डिप्टी कलेक्टर के बंगले में चोरों ने लगाई सेंध
– नगदी व सोने-चांदी के जेवरों पर किया हाथ साफ
– पति का इलाज कराने केरल गईं थी डिप्टी कलेक्टर अल्का सिंह
भोपाल यशभारत। राजधानी भोपाल के पॉश इलाके चार इमली में चोरों ने डिप्टी कलेक्टर अल्का सिंह के बंगले में सेंध लगाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने सोने चांदी के जेवर नगदी समेत घडियों पर हाथ साफ कर दिया। अति सुरिक्षत माने जाने वाले चार इमली इलाके में हुई चोरी ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि चोरों का सुराग लगाने के लिए टीम गठित की गई है। बुधवार को जोन 1 के पुलिस उपायुक्त आशुतोष गुप्ता ने घटना स्थल का जायजा लिया।
केरल से पति का इलाज कराकर लौँटी तब पता चला
घटना का खुलासा तब हुआ जब अल्का सिंह केरल से अपने पति का इलाज कराकर लौटीं। घर का ताला टूटा देख उनके होश उड़ गए। सिंह ने पुलिस अधिकारियों को घटना की सूचना दी। जानकारी मिलते ही हबीबगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट्स के साथ जांच शुरू की।
जेवर, घडियां और नगदी गायब
डिप्टी कलेक्टर ने पुलिस के बताया कि सरकारी बंगला बीते कुछ दिनों से बंद था। घर का ताला तोडक़र चोरों ने अलमारी में रखे सारे जेवर, चांदी के सिक्के, कई ब्रांडेड घडिय़ां, और नकदी अपने साथ ले गए। सिंह ने बताया कि जब वापस लौंटी तो अलमारी में रखी दराजें बिखरी हुई थीं। घर में घुसने के सभी दरवाजे टूटे हुए थे।
चोरों ने रैकी कर दिया वारदात को अंजाम
जिस तरह से चोरी की वारदात हुई है उससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि चोरों को घर के बारे में जानकारी थी। संभावना जताई जा रही है चोरों ने रैकी कर वारदात को अंजाम दिया है। अंदेशा यह भी है कि घटना के पीछे कोई ऐसा व्यक्ति भी हो सकता है जो घर के चप्पे चप्पे से वाकिफ था और घर कई दिनों से बंद है इस संबंध में जानकारी है।
हबीबगंज पुलिस की जांच तेज
घटना के बाद हबीबगंज थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। आसपास के गार्डों और घरेलू सहायकों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। थाना प्रभारी के मुताबिक वारदात पेशेवर चोरों द्वारा की गई है। घर का हर कोना खंगाला गया है और कीमती सामान को ही निशाना बनाया। आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग ली गई है।
चार इमली में बढ़ रही आपराधिक वारदातें
चार इमली राजधानी का सबसे संवेदनशील वीआईपी इलाका माना जाता है, जहां कई आईएएस, आईपीएस और वरिष्ठ अफसर रहते हैं। इसके बावजूद पिछले कुछ महीनों में यहां लगातार चोरियां और संदिग्ध गतिविधियां बढ़ी हैं। कुछ माह पूर्व ही विधायक जयवर्धन सिंह के बंगले में भी चोरी की वारदात हो चुकी है। वहीं दो अन्य सरकारी आवासों में भी चोरी हो चुकी है। डिप्टी कलेक्टर के यहां हुई चोरी की वारदात से स्थानीय लोगों और सरकारी अधिकारियों में सुरक्षा को लेकर नाराजगी बढ़ रही है।
कार्रवाई की जा रही है
घटनास्थल का जायजा लिया गया है, चोरी की वारदात करने वाले आरोपियों की तलाश में टीमों को गठन किया गया है। हबीबगंज पुलिस मामले की जांच कर रही है। चार इमली क्षेत्र में पुलिस की गश्त को बढ़ाया जा रहा है।
– आशुतोष गुप्ता, पुलिस उपायुक्त , जोन १







