जबलपुरमध्य प्रदेश

दो कमरों में पूरा कॉलेज! गढ़ा कॉलेज की बदहाल व्यवस्था पर छात्रों का हंगामा, देखे वीडियो ……

छात्रों ने दी आंदोलन की चेतावनी

जबलपुर,यश भारत। गढ़ा कॉलेज की बदहाल शैक्षणिक व्यवस्था बुधवार को उस समय सामने आई, जब छात्र संगठन के कार्यकर्ताओं ने कॉलेज पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। छात्रों ने स्टाफ और विद्यार्थियों से बातचीत की तो सामने आया कि कॉलेज में पर्याप्त कक्ष तक उपलब्ध नहीं हैं। संगठन ने सवाल उठाया कि ऐसी व्यवस्था में विद्यार्थी पढ़ेंगे कैसे और उनका भविष्य कैसे संवरेगा।

छात्रों के मुताबिक कॉलेज में महज दो कमरे हैं। एक कमरे में शिक्षण स्टाफ बैठता है, जबकि दूसरे में कक्षाएं संचालित होती हैं। हालात यह हैं कि स्नातक प्रथम, द्वितीय और तृतीय वर्ष की कक्षाएं एक ही कमरे में लगाई जा रही हैं। इससे पढ़ाई प्रभावित होने के साथ विद्यार्थियों को भी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।

स्कूल के बाद लगता है कॉलेज

छात्रों ने बताया कि इसी परिसर में स्कूल भी संचालित हो रहा है। स्कूल की छुट्टी होने के बाद कॉलेज की कक्षाएं लगाई जाती हैं। विद्यार्थियों का कहना है कि कॉलेज में मूलभूत सुविधाओं का भी अभाव है और पर्याप्त शैक्षणिक संसाधन नहीं होने से पढ़ाई का माहौल प्रभावित हो रहा है।

छात्रों ने दी आंदोलन की चेतावनी

व्यवस्थाओं को लेकर छात्र संगठन ने प्रशासन से तत्काल सुधार की मांग की है। संगठन का कहना है कि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना जरूरी है। छात्रों ने चेतावनी दी कि यदि कॉलेज की व्यवस्थाओं में जल्द सुधार नहीं किया गया तो संगठन आगे सख्त आंदोलनात्मक कदम उठाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button